Bihar News: तीन माह की गर्भवती नाबालिग की संदिग्ध हालात में मौत, सात माह पहले किया था प्रेम विवाह
Bihar News: लखीसराय के कवैया थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नवविवाहिता नव्या कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह तीन माह की गर्भवती थी और सात माह पहले अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था। मायके पक्ष ने दहेज के लिए 60 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
लखीसराय शहर के कवैया थाना क्षेत्र के पचना रोड स्थित वार्ड संख्या 20 में दहेज विवाद के बीच नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान जमालपुर निवासी कन्हैया दास की 17 वर्षीय पुत्री नव्या कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
प्रेम विवाह के बाद बदले हालात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नव्या मूल रूप से जमालपुर की रहने वाली थी और लखीसराय शहर के पंजाबी मोहल्ला में अपनी बहन के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान पचना रोड निवासी गणेश लहेरी के पुत्र सोनू कुमार से उसका प्रेम संबंध हुआ। अगस्त 2025 में दोनों ने परिजनों की इच्छा के विरुद्ध अंतर्जातीय प्रेम विवाह कर लिया था। परिवार का कहना है कि शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय बीतने के साथ हालात बदलने लगे और दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। नव्या वर्तमान में तीन माह की गर्भवती भी थी।
60 हजार रुपये की मांग का आरोप
मृतका के पिता कन्हैया दास ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। उनके अनुसार, आरोपित पक्ष ने एक बार 50 हजार और दूसरी बार 10 हजार रुपये की मांग की। आगे भी रकम मांगे जाने पर उन्होंने देने से साफ इनकार करते हुए कहा कि दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है, इसलिए वे कोई रुपये नहीं देंगे। पिता ने बताया कि गत सोमवार रात करीब 10 बजे बेटी से उनकी अंतिम बातचीत हुई थी और बातचीत सामान्य थी। रात करीब दो बजे अचानक उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
ससुराल पक्ष का दावा- फांसी लगाकर दी जान
वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि नव्या ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
हत्या का केस दर्ज, फॉरेंसिक जांच शुरू
कवैय्या थानाध्यक्ष रंधीर कुमार ने बताया कि मृतका की मां यशोदा देवी के बयान पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
ये भी पढ़ें: बिहार में आज कैसी होली? रंगों की होली कल मनाएंगे, फिर बसिऔड़ा; फगुआ और डंफा की परंपरा भी अलग
पांच बहनों में एक थी नव्या
नव्या पांच बहनों और एक भाई में से एक थी। बेटी की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। घर में मातम पसरा है और परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो यह तय करेगी कि यह आत्महत्या थी या दहेज के दबाव में रची गई साजिश।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.