Bihar News: सब्जी विक्रेता की गला काट निर्मम तरीके से हत्या, घटना से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
Bihar News: मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र में सब्जी विक्रेता राम बाबू राय की गला काटकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर से डेढ़ किलोमीटर दूर बंसवारी में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राम बाबू राय के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के बेलसर ओपी क्षेत्र के साइन बरौना गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
ग्रामीणों ने देखा खून से सना शव
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ग्रामीण अपने काम के लिए निकल रहे थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति का खून से सना शव देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरैया थाना की पुलिस और एएसपी सरैया गरिमा घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पाया गया कि मृतक का गला धारदार हथियार से काटा गया है। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून के छींटे भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया है।
मंगलवार रात अचानक से गायब हो गए थे मृतक
परिजनों के अनुसार, राम बाबू राय मंगलवार रात तक घर के दरवाजे पर मौजूद थे, लेकिन इसके बाद वे अचानक लापता हो गए। बुधवार को उनका शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक बंसवारी (बांस के झुरमुट) में बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें: सीएम नीतीश ने अपने सांसद पर की कार्रवाई, गिरधारी यादव को जदयू ने नोटिस भेजा; जानिए पूरा मामला
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में एएसपी सरैया गरिमा ने बताया कि एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसकी गला काटकर हत्या की गई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हत्या के कारणों की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.