Bihar News: बाइक और टोटो की टक्कर में चालक की मौत, दो घायल
Bihar News: मुजफ्फरपुर में हुए सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने मृतक को पर्व के दिन बाहर जाने से मना किया था।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक और टोटो की टक्कर में टोटो पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
राजेश सहनी के तौर पर हुई मृतक की पहचान
घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कुंडल की बताई गई है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजेश सहनी, निवासी दादर (अहियापुर थाना क्षेत्र) के रूप में की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मालिक नहीं मौत ने बुलाया
घटना को लेकर मृतक की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि घर में छठ पूजा हो रही थी। शाम को संध्या पूजन के बाद रात में उनके पति के दोस्त गोपाल सहनी आए और कहा कि मालिक ने बुलाया है, कुछ सामान लेकर जाना है। इस दौरान उन्होंने मना किया कि आज मत जाइए, पूजा है, कल चले जाइए। इसके बावजूद वह चले गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर जब फोन किया गया तो कॉल पुलिस ने उठाया और बताया कि सड़क दुर्घटना में वह घायल हो गए हैं। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी।
बच्चों की परवरिश की चिंता
संगीता देवी ने आगे कहा कि उनके पति ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। अब बच्चों की परवरिश और शादी की चिंता सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बात मान ली होती, तो यह घटना नहीं होती।
ये भी पढ़ें: चैत्र नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की करें अराधना, मां की कृपा से दुख होता है दूर
पुलिस ने क्या बताया?
पूरे मामले में सिकंदरपुर थाना के एसएचओ डी.के. महतो ने बताया कि बाइक और टोटो की टक्कर हुई थी, जिससे टोटो पलट गया और उसमें दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।