बिहार: युवक की हत्या के बाद बवाल, गुस्साई भीड़ ने आधा दर्जन घरों में लगाई आग; कई थानों की पुलिस तैनात
मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र में मेला घूमने गए नवनीत कुमार की हत्या के बाद रविवार सुबह जमकर बवाल हुआ। शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के करीब आधा दर्जन घरों में आग लगा दी। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में मेला घूमने गए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद रविवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। देर रात पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने जमकर उपद्रव किया और आरोपियों के घरों में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त बल को मौके पर तैनात किया गया है। सूचना मिलने पर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार देर रात अपने आधा दर्जन दोस्तों के साथ मेला घूमने निकला था। इसी दौरान किसी बात को लेकर नवनीत और उसके दोस्तों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद दोस्तों ने नवनीत कुमार की जमकर पिटाई की और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार सुबह जैसे ही नवनीत का शव गांव पहुंचा, उसे देखकर स्थानीय लोग उग्र हो गए। मृतक और आरोपी अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते हैं। इस वजह से तनाव और बढ़ गया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और करीब आधा दर्जन घरों में आग लगा दी। आगजनी के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां तैनात की गईं। जिले से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार: तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार से अब क्या मांग कर दी? कहा- हजारों नियोजित शिक्षकों की सेवा पर संकट
इस घटना को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेस कुमार मिश्र ने कहा कि हत्या के मामले में पुलिस त्वरित और अग्रेतर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हत्या के बाद तनाव