Bihar: मॉल संचालक पर रेप का आरोप, पीड़िता ने सुनाई आपबीती; शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में एक मॉल संचालक पर नौकरी करने वाली युवती के साथ बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और विरोध करने पर उसके भाइयों की हत्या की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर के पारू थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मॉल संचालक पर नौकरी करने वाली युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे मॉल के एक कमरे में बंद कर दिया और हाथ बांधकर उसके साथ गंदा काम किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मजबूरी का उठाया फायदा, कमरे में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी मजबूरी के कारण उसने बाजितपुर चौक पर स्थित एक मॉल में नौकरी शुरू की थी। बीते महीने 10 जुलाई 2026 को मॉल संचालक ने उसे जबरन मॉल के ही एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि संचालक ने युवती के हाथ बांध दिए और उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह जान बचाकर युवती वहां से बाहर निकली।
भाइयों को गोली मारने की धमकी, खौफ में था परिवार
घटना के बाद आरोपी ने युवती को बुरी तरह डराया-धमकाया। उसने धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को भी बताया या पुलिस से शिकायत की, तो वह उसके दोनों भाइयों को गोली मरवा देगा। इस धमकी और पिता की लाचार हालत को देखकर युवती इतनी डर गई कि वह तुरंत किसी को कुछ नहीं बता सकी। बाद में उसने हिम्मत जुटाई और अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे खौफ में है।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही है छापेमारी
इस पूरे मामले पर पारू थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता से आवेदन मिलने के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से ही आरोपी मॉल संचालक फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा कर रही है। वहीं पीड़िता ने पुलिस से आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।