Bihar News: मुजफ्फरपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया जिंदा जलाकर मारने का आरोप; जांच जारी
Bihar News: परिजनों का आरोप है कि ममता को शादी के छह माह बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। दो दिन पहले उसे बुरी तरह पीटा गया और हाथ-पैर बांधकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के चोरकरिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से हड़कंप मच गया है। मृतका ममता कुमारी (20 वर्ष) की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले नरेश साहनी के पुत्र दीपू साहनी से हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि ममता को शादी के छह माह बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। दो दिन पहले उसे बुरी तरह पीटा गया और हाथ-पैर बांधकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल होने पर ससुराल पक्ष के लोग उसे अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए।
मायके वालों का कहना है कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो ममता की मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर कई जगह चोट और जलने के गंभीर निशान मिले हैं, जो हिंसा की ओर इशारा करते हैं। परिवार का आरोप है कि ममता की हत्या कर इसे आत्मदाह का रूप देने की कोशिश की गई। ससुराल पक्ष की ओर से दावा किया जा रहा है कि ममता ने खुद आग लगाई थी और उसकी स्थिति बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया।
पढे़ं: 'जब दूसरे तथाकथित युवा नेता...', चिराग ने बताए महागठबंधन की हार के कारण, नीतीश को कहा- मेरे मुख्यमंत्री
सूचना मिलते ही तुर्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। तुर्की थाना प्रभारी संदीप कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। मृतका का फर्द बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। परिवार ने पुलिस से न्याय की मांग की है।