Bihar News: राबड़ी आवास विवाद पर सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा हमला, बोले- सरकारी बंगला किसी की जागीर नहीं
मुजफ्फरपुर दौरे पर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकारी आवास विवाद और हरा गमछा मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी आवास किसी की निजी संपत्ति नहीं है और नियमों के अनुसार उसे खाली करना ही पड़ेगा। साथ ही कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने को लेकर चल रहे विवाद पर बड़ा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए राबड़ी देवी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकारी आवास किसी की निजी संपत्ति नहीं होता, उसे नियमानुसार खाली करना ही पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग इन दिनों अपने आवास को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन पिछले 27 वर्षों से बिहार की राजनीति में रहने के बावजूद उन्होंने कभी सरकारी आवास के प्रति मोह नहीं रखा।
इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उनका अपना निजी घर है और वे वर्षों तक वहीं रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले उन्हें सरकारी आवास भी मिला था, लेकिन उन्होंने अपने निजी आवास में रहना ही पसंद किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह मोह-माया का विषय नहीं है।
'लोकतंत्र की धरती है, बंगला किसी की जागीर नहीं'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि उनका सरकारी आवास कभी खाली नहीं होगा। लेकिन यह लोकतंत्र है, राजतंत्र नहीं, जहां कोई सरकार के नियमों का उल्लंघन कर सके। उन्होंने कहा कि इस देश में जनता ही मालिक है और वही तय करती है कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा। कुछ लोगों को लगता है कि उनका घर कैसे खाली होगा, लेकिन यह तय है कि सरकारी आवास खाली होगा। इसे कोई नहीं रोक सकता। सरकारी आवास नियमानुसार खाली करना ही पड़ेगा।
'पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी खाली किया था सरकारी आवास'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पद छोड़ने के बाद सरकारी आवास खाली करने में कोई देरी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि यही लोकतांत्रिक परंपरा और संवैधानिक मर्यादा है। राजद परिवार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि किसी को विशेष सुरक्षा या अतिरिक्त सुविधाएं देने की राजनीति अब नहीं चलेगी। बिहार संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुसार ही चलेगा।
ये भी पढ़ें- Bihar News: मुजफ्फरपुर को 288 करोड़ रुपये की सौगात, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिया 30 दिन का अल्टीमेटम
हरे गमछे को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में हरे गमछे के विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरा गमछा शांति, सद्भाव और हरियाली का प्रतीक है, लेकिन यदि कोई इसकी आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, "हरा गमछा शांति का प्रतीक है, लेकिन यदि कोई इसकी आड़ में गुंडागर्दी करेगा तो उसके लिए जेल में जगह तैयार है। बिहार में कानून का राज है और किसी भी प्रकार की अराजकता या गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राबड़ी आवास विवाद और हरे गमछे को लेकर दिए गए बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं।