Accident Today: मुजफ्फरपुर में ट्रक-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत: एक की मौत, दो गंभीर घायल, खड्डे में पलटा ट्रक
Muzaffarpur Accident: मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक खेत में पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रुपनपट्टी न्यू अशोक विहार लाइन होटल के पास सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
ट्रक और बाइक की सीधी टक्कर
बताया जा रहा है कि ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं ट्रक संतुलन खो बैठा और सड़क पार करते हुए खेत में जा गिरा, जहां वह पलट गया।
तीन लोग बाइक से घर लौट रहे थे
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन लोग अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामान लदे ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक पर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
दो घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे अन्य दो लोगों को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
पढ़ें- इलाज न मिलने से मौत: 24 घंटे खुले में पड़ा रहा UP के इम्तियाज का शव, सरकारी अस्पताल और पुलिस ने झाड़ा पल्ला
वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पूरे मामले में सकरा थाना क्षेत्र कमलेश कुमार ने बताया कि ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक खेत में पलटी हुई थी और बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है।
उन्होंने बताया कि कुछ देर के लिए सड़क जाम जैसी स्थिति बन गई थी। बाद में क्षतिग्रस्त बाइक को हटाया गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
