{"_id":"6abdc1dd1649ef43280f304e","slug":"muzaffarpur-bihar-news-villagers-captured-four-deer-fawns-swept-in-gandak-flood-forest-department-rescue-all-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-4785311-2026-10-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: बाढ़ के पानी में बहकर गांव पहुंचे हिरण के तीन बच्चे, ग्रामीणों ने पकड़ा; वन विभाग ने किया रेस्क्यू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: बाढ़ के पानी में बहकर गांव पहुंचे हिरण के तीन बच्चे, ग्रामीणों ने पकड़ा; वन विभाग ने किया रेस्क्यू
Thu, 01 Oct 2026 10:18 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Thu, 01 Oct 2026 10:18 AM IST
सार
मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ के पानी में बहकर हिरण के चार बच्चे आबादी वाले इलाकों में पहुंच गए। ग्यासपुर पंचायत में डाकघर के पास पानी में तैर रहे तीन हिरण के बच्चों को ग्रामीणों ने पकड़कर वन विभाग को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वन विभाग के अनुसार, सभी हिरण के बच्चे सुरक्षित हैं, हालांकि लगातार पानी में बहने के कारण उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
विज्ञापन
बाढ़ में बहकर पहुंचे हिरण
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड क्षेत्र के ग्यासपुर पंचायत में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बुधवार शाम को हिरण के तीन बच्चे पानी में तैरते हुए पहुंचे। पारू प्रखंड क्षेत्र के ग्यासपुर में स्थित डाकघर के पास पानी में तैरते हिरण के बच्चों को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिला वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हिरण के बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू किए गए सभी हिरण के बच्चे ठीक हैं। वन विभाग की टीम इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
विज्ञापन
गंडक के बढ़ते जलस्तर से बनी बाढ़ की स्थिति
दरअसल, बीते तीन दिनों से मुजफ्फरपुर में गंडक नदी उफान पर है। नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के पानी का असर इंसानों के साथ-साथ जंगली जानवरों पर भी दिखाई दे रहा है। पानी बढ़ने के कारण जंगली जानवर सुरक्षित स्थानों की तलाश में आबादी वाले इलाकों की तरफ पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन
अलग-अलग जगहों पर मिले चार हिरण के बच्चे
बाढ़ के पानी में बहकर अचानक आए चार हिरण के बच्चे जिले में अलग-अलग जगहों पर मिले हैं। पारू प्रखंड के फतेहाबाद में एक हिरण मिला, जबकि ग्यासपुर पंचायत स्थित डाकघर के पास पानी में तैरते हुए तीन हिरण के बच्चों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने हिरण के बच्चों को देखने के बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने पकड़कर वन विभाग को दी सूचना
ग्यासपुर में तीन हिरण के बच्चों के पानी में तैरकर पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग को पूरे मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तीनों हिरण के बच्चों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पानी में बहने से हिरण के बच्चों को आई चोट
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि पारू प्रखंड क्षेत्र के दो स्थानों पर हिरण के बच्चों के बाढ़ के पानी में बहकर आने की सूचना ग्रामीणों से मिली थी। इसके बाद रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया और हिरण के सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। अधिकारी के अनुसार, सभी हिरण के बच्चे ठीक हैं, लेकिन बाढ़ के पानी में लगातार बहने के कारण उन्हें आंशिक चोटें आई हैं।
इलाज के बाद जंगल में छोड़े जाएंगे
वन विभाग की ओर से हिरण के बच्चों का इलाज कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, उनकी स्थिति फिलहाल ठीक है और उपचार के बाद उन्हें जल्द ही सुरक्षित वन क्षेत्र में भेजने की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की टीम पूरे मामले में आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ के दौरान जंगली जानवर सुरक्षित जगह की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में ग्रामीणों को खुद जानवरों को नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।