Bihar News; फेसबुक पर प्यार, शादी का झांसा... फिर नेपाल ले जाने की साजिश! सीमा पर ऐसे बची 16 साल की लड़की
मोतिहारी में भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), 47वीं एसएसबी और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त कार्रवाई ने विफल कर दिया। भारत-नेपाल मैत्री पुल पर जांच के दौरान नेपाल के रौतहट निवासी सेराज देवान को गिरफ्तार कर 16 वर्षीय भारतीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोतिहारी में भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), 47वीं सशस्त्र सीमा बल (SSB) और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त कार्रवाई ने विफल कर दिया। भारत-नेपाल मैत्री पुल पर जांच के दौरान नेपाल के एक युवक को गिरफ्तार कर 16 वर्षीय भारतीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फेसबुक के जरिए नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और उसे नेपाल ले जाने की साजिश रची थी।
भारत-नेपाल मैत्री पुल पर पकड़ा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के रौतहट जिले निवासी 22 वर्षीय सेराज देवान के रूप में हुई है। उसके साथ बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की भी थी। जांच के दौरान आरोपी ने शुरुआत में लड़की को अपना रिश्तेदार बताया, लेकिन एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की गहन पूछताछ और काउंसलिंग में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ।
फेसबुक से शुरू हुई बातचीत, फिर प्रेमजाल में फंसाया
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि करीब एक माह पहले आरोपी ने फेसबुक मैसेंजर के जरिए नाबालिग से संपर्क किया था। धीरे-धीरे उसने लड़की का विश्वास जीता और प्रेम संबंध का भरोसा दिलाया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कथित रूप से नाबालिग के निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए थे। बाद में इन्हीं के आधार पर मानसिक दबाव बनाते हुए उसने शादी का झांसा दिया और लड़की को पंजाब से मुजफ्फरपुर बुलाया। इसके बाद वह उसे नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहा था।
पंजाब से बिना बताए निकली थी नाबालिग
जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपने माता-पिता के साथ पंजाब के जालंधर में रहती थी। उसके माता-पिता वहां एक फैक्ट्री में काम करते हैं। आरोपी के बहकावे में आकर लड़की 2 अगस्त को बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला सच
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लड़की को शादी के नाम पर नेपाल ले जा रहा था। जांच में उसके पास भारत का एक फर्जी आधार कार्ड होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस दस्तावेज की भी जांच कर रही है।
मानव तस्करी सहित कई धाराओं में केस दर्ज
संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई के बाद नाबालिग को सुरक्षित बचाकर आरोपी को हरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्वच्छ रक्सौल संस्था के अध्यक्ष रणजीत सिंह के आवेदन पर हरैया थाना में कांड संख्या 111/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी सहित अन्य संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीमा पर सतर्कता से टला बड़ा अपराध
अधिकारियों का कहना है कि एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, SSB और सामाजिक संस्थाओं की सतर्कता के कारण एक बड़ी घटना टल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।