Bihar: भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बाढ़ अनुमंडल के लंगरपुर गांव में बीती देर रात अचानक बिजली का मुख्य केबल जल जाने के कारण पूरे इलाके में ब्लैकआउट छा गया। भीषण गर्मी के इस मौसम में रात भर बिजली गायब रहने से ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाढ़ अनुमंडल के लंगरपुर गांव में बीती देर रात अचानक मुख्य बिजली केबल में खराबी आने और उसके जल जाने से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
रविवार सुबह स्थिति और बिगड़ गई जब गुस्साए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और बाढ़ के व्यस्त स्टेशन रोड को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम से पहले ग्रामीण बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लेकिन जब वहां से कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला, तो प्रदर्शनकारी सीधे स्टेशन रोड पर आकर बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए।
पढ़ें: गोपालगंज में प्रेमिका से मिलने पहुंचे पूर्वी चंपारण के युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव
ग्रामीणों का कहना था कि बिजली गुल होने से लंगरपुर के महादलित टोला में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जलस्तर कम होने और बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण मोटर पंप नहीं चल सके, जिससे सुबह से ही पीने के पानी की भारी किल्लत हो गई। भीषण गर्मी में पानी और बिजली के बिना जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक नया केबल लगाकर बिजली आपूर्ति और जल संकट का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता लखन कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी और ओवरलोड के कारण मुख्य केबल जल गया था। उन्होंने कहा कि विभागीय टीम मौके पर भेज दी गई है और लगभग एक घंटे के भीतर केबल बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन और त्वरित कार्रवाई के बाद ग्रामीणों का आक्रोश कुछ कम हुआ और प्रशासन ने जाम हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।