Bihar: तीन लाख छात्रों के लिए बड़ी पहल, बिहार में विद्या साथी लॉन्च; 24x7 मिलेगा लाइव शिक्षक और AI सपोर्ट
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24x7 वन-टू-वन इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ की शुरुआत की। राज्य के 38 जिलों के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने के लिए राज्य सरकार ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24x7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। सरकार के अनुसार, इस पहल से राज्य के 38 जिलों के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
24x7 उपलब्ध रहेंगे लाइव शिक्षक
‘बिहार विद्या साथी’ के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें और जहां से चाहें, अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे, सातों दिन लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।
75 हजार शिक्षक देंगे व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों की पढ़ाई उपलब्ध होगी। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
AI टूल्स से बेहतर होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग
‘बिहार विद्या साथी’ में आधुनिक AI टूल्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह व्यवस्था 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही है। आगे इसे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से अधिक से अधिक लाभ उठाने को कहा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है और उन्हें इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने और ज्ञान व कौशल के जरिए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी जहां भी हों और जब भी पढ़ाई करें, उनके सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उनके साथ रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करेंगे और जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
छात्राओं ने किया ऐप का डेमो
कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का डेमो दिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म से मिलने वाली सुविधाओं और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया।
बैठक में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।