Bihar News: भीषण गर्मी में प्रशिक्षण के दौरान सात महिला सिपाहियों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में किया गया भर्ती
रोहतास के डेहरी स्थित बीएमपी-2 प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान सात महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई। भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण बेहोश हुईं प्रशिक्षुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार को बेहतर इलाज के लिए सासाराम रेफर किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहतास जिले के डेहरी स्थित बीएमपी-2 प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को सात महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत अचानक खराब हो गई। आनन-फानन में सभी बीमार प्रशिक्षुओं को इलाज के लिए डेहरी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार महिला प्रशिक्षुओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया गया।
16 किलोमीटर दौड़ के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, डेहरी स्थित बीएमपी-2 प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को महिला सिपाहियों का प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण के दौरान 16 किलोमीटर की दौड़ पूरी करते समय अचानक एक के बाद एक करीब सात महिला प्रशिक्षु बेहोश होकर मैदान में गिर पड़ीं। सिपाहियों के बेहोश होते ही प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अत्यधिक गर्मी और पानी की कमी बनी वजह
महिला सिपाहियों का इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार, भीषण गर्मी, अत्यधिक थकान और शरीर में पानी की कमी के कारण सभी प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और अत्यधिक थकान की शिकायत थी। डॉक्टरों का कहना है कि उपचार के बाद सभी की हालत में काफी सुधार हुआ है। फिलहाल सभी महिला सिपाहियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar: खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़ के आरोपी की होटल में संदिग्ध मौत; रौशन आनंद के भाई का शव नेपाल में मिला
1355 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों का चल रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण केंद्र के सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि बीएमपी-2 में पटना, नालंदा और गोपालगंज जिलों की करीब 1355 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों का प्रशिक्षण चल रहा है। रविवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत 16 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई थी, जिसके दौरान कुछ महिला सिपाहियां बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्होंने बताया कि सभी की स्थिति अब स्थिर है।
चार दिन पहले एक जवान की हुई थी मौत
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को भी डेहरी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में 16 किलोमीटर लंबी दौड़ के दौरान तीन प्रशिक्षु जवान तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़े थे। इनमें से दो जवान पूरी तरह स्वस्थ हो गए थे, लेकिन समस्तीपुर जिले के रहने वाले एक जवान श्रीराम कुमार की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।