Bihar: नालंदा में बीईओ के इशारे पर रिश्वत लेते शिक्षक गिरफ्तार, निगरानी की टीम के हत्थे चढ़ा
Bihar: नालंदा जिले के चंडी प्रखंड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संसाधन शिक्षक को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह राशि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) के इशारे पर ली जा रही थी। मामले में बीईओ को भी मुख्य अभियुक्त बनाया गया है।
विस्तार
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना की टीम ने सोमवार को नालंदा जिले के चंडी प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में छापेमारी कर संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर की गई, जिसका कोर्ट के आदेश के बावजूद वार्षिक वेतन भुगतान लंबित रखा गया था। इस मामले में निगरानी विभाग ने चंडी की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) पुष्पा कुमारी को मुख्य अभियुक्त बनाया है, जिनके इशारे पर रिश्वत की राशि ली जा रही थी।
कोर्ट के आदेश के बाद भी लटकाया वेतन
जानकारी के अनुसार, एक शिक्षक वर्ष 2017 से 2019 तक मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी के आरोप में निलंबित रहे थे। बाद में अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए रोका गया वार्षिक वेतन भुगतान करने का आदेश दिया था। जिला स्तर से भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन आरोप है कि बीईओ पुष्पा कुमारी द्वारा भुगतान के बदले अवैध राशि की मांग की जा रही थी और लगातार टालमटोल किया जा रहा था। इससे परेशान होकर पीड़ित शिक्षक ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ाया
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारी अमरेंद्र कुमार विद्यार्थी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभाग की ओर से मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद कांड संख्या 19/26 दर्ज कर धावा दल का गठन किया गया। सोमवार को जैसे ही पीड़ित शिक्षक ने बीआरसी कार्यालय में मौजूद मनोज कुमार वर्मा को 17 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
बीईओ भी मामले में नामजद
पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि मनोज कुमार वर्मा बीईओ के निर्देश पर ही यह राशि ले रहे थे। निगरानी टीम ने पूछताछ के आधार पर बीईओ पुष्पा कुमारी को भी मामले में नामजद अभियुक्त बना दिया है।
ये भी पढ़ें: लू से पहले बिहार अलर्ट: मुख्य सचिव का सख्त निर्देश, सभी विभाग तुरंत तैयारी में जुटें
पटना ले जाया गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी शिक्षक को अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग और प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.