Bihar: बेटी की शादी से पहले टूटा घर का सहारा; कार्ड बांटने निकले पिता को डंपर ने कुचला, खुशियां मातम में बदलीं
Bihar: नालंदा के सालेपुर-राजगीर निर्माणाधीन मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर लौट रहे थे।
विस्तार
नालंदा जिले में सालेपुर-राजगीर निर्माणाधीन टूरिस्ट वे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने एक परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 18 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान वेना थाना क्षेत्र के बनवारीपुर मोरा निवासी राजनंदन पासवान के रूप में हुई है।
बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले थे मृतक
घटना के संबंध में मृतक की बहन मृदुला देवी ने बताया कि राजनंदन पासवान की बड़ी बेटी की शादी आगामी 29 अप्रैल को होने वाली थी। घर में उत्सव का माहौल था। इसी सिलसिले में वे अपने भतीजे कौशल कुमार के साथ बाइक से रिश्तेदारों को निमंत्रण देने निकले थे।
अनियंत्रित डंपर ने कुचला
बताया जा रहा है कि थरथरी थाना क्षेत्र के गबसपुर गांव में कार्ड बांटने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तभी सालेपुर-राजगीर मार्ग पर एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को कुचल दिया। इस हादसे में राजनंदन पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा कौशल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और जीवन-मौत से जूझ रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ी रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
ये भी पढ़ें: '2030 तक का इंतजाम कर जा रहा हूं'- CM पद से इस्तीफे के साथ नीतीश कुमार का संदेश
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। अपर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है। वाहन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
