Bihar Crime: दोनों हाथ बंधे हुए और मुंह में खून के निशान, नदी से संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव बरामद
रोहतास जिले के देवरिया गांव के पास काई नदी से एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक विपुल शर्मा दो मार्च से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र अंतर्गत काई नदी से गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। घटना डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के समीप की बताई जा रही है। मृतक की पहचान देवरिया गांव निवासी विजय शर्मा के 21 वर्षीय पुत्र विपुल शर्मा के रूप में हुई है।
संदिग्ध अवस्था में मिला शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी से बरामद शव के दोनों हाथ एक काले टी-शर्ट से बंधे हुए थे और मुंह पर भी खून के निशान दिखाई दे रहे थे। जानकारी के अनुसार मृतक 2 मार्च से ही बिना सूचना के घर से गायब था, जिसकी परिजनों द्वारा तलाश की जा रही थी। परिजनों के मुताबिक डेहरी मुफस्सिल थाने को 3 मार्च को ही गुमशुदगी की सूचना दी गई थी, लेकिन होली के कारण मामला दर्ज नहीं हो पाया था। इसके बाद गुरुवार को नदी से युवक का शव बरामद हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डेहरी मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कई साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- Live Bihar Politics LIVE: अमित शाह बोले- स्वर्णिम रहा CM नीतीश का कार्यकाल; और किस दिग्गज ने क्या कहा?
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता विजय शर्मा ने बताया कि उनका पुत्र टेंट-पंडाल में काम करता था। उन्होंने बताया कि विपुल मानसिक रूप से थोड़ा बीमार था और पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। हालांकि परिजनों ने किसी से दुश्मनी की बात से इनकार किया है, लेकिन आशंका जताई है कि उनके पुत्र की हत्या कर अपराधियों ने शव को नदी में फेंक दिया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में डेहरी मुफस्सिल थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि देवरिया गांव के समीप नदी से एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।