Bihar Hooch Tragedy: किस 'गब्बर' ने बिहार सरकार की नाक में किया दम? 45 मौतों पर जेल गया, निकला तो फिर मौतें
Bihar News : बिहार में जहरीली शराब से मौतों पर लंबे समय से राजनीति चल रही है। करीब 10 साल पहले हुई शराबबंदी के बाद मौतों को लेकर मुआवजे तक का फैसला हो गया। लेकिन, कानून में ढील और सिस्टम की लापरवाही के कारण मौतों का सिलसिला रुक नहीं रहा है।
विस्तार
पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि विधानसभा में तुरकौलिया इलाके में एक बार फिर जहरीली शराब कांड ने बिहार के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को तबाह कर दिया है। लोग फिर से बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि करीब तीन साल पहले भी पूर्वी चंपारण के ही हरसिद्धि, पहाड़पुर, तुरकौलिया, सुगौली और रघुनाथपु, तुरकौलिया इलाके में जहरीली शराब से 45 लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त यह घटना पूरे देश में सुर्खियों में थी। बिहार पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारी खुद उस मामले की जांच कर रहे थे। उस वक्त पुलिस ने आरोपी और कुख्यात शराब तस्कर गब्बर यादव को जेल भेज दिया था। आज गब्बर फिर से चर्चा में है। कुछ समय पहले ही वह जेल से रिहा हुआ था। लोगों आरोप लगा रहे हैं कि गब्बर यादव के जेल से निकलते ही इलाके में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला शुरू हो गया। लोग बिहार के डीजीपी जांच की मांग कर रहे हैं।
अवैध शराब नेटवर्क के दोबारा सक्रिय
सूत्रों की मानें तो गब्बर का नाम पहले भी कई अवैध शराब मामलों में सामने आ चुका है। उस पर पूर्व में हुए जहरीली शराब कांडों में दर्जनों लोगों की मौत के आरोप हैं। ऐसे में उसकी रिहाई के बाद अवैध शराब नेटवर्क के दोबारा सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि जो लोग शराब तस्करी से जुड़े हैं या जो हाल में जेल से बाहर निकले हैं, उसकी भी कुंंडली फिर से खंगाली जा रही है। वैज्ञानिक अनुसंधान जारी है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में तुरकौलिया थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रमोद यादव के परिजनों के आवेदन पर केस दर्ज किया गया है। जहरीली शराब कांड के मुख्य साजिशकर्ता नागा राय को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, परसौना के चौकीदार भरत राय को निलंबित कर दिया गया है। सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, जिसमें साइबर डीएसपी और डीआईयू प्रभारी को भी शामिल किया गया है। बता दें कि पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया इलाके में अब तक चार लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। छह लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। करीब 30 लोग अलग-अलग जगह छिपकर इलाज करवा रहे हैं। कुछ तो नेपाल भी जा चुके हैं।
Bihar News: जहरीली शराब का कहर जारी, बिहार में अब तक चार लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक
उपमुखिया बोले- ढाई साल में दूसरी बार शराब कांड
शंकर सरैया पंचायत के उपमुखिया ने आरोप लगाया कि बुधवार शाम को शराब तस्कर नागा राय के ठिकाने पर करीब 40 से 45 लोगों जहरीली शराब का सेवन किया था। देर रात इन लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। कई लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनमें से अब तक चार ने दम तोड़ दिया है। वहीं कई लोग पुलिस के डर से छिपकर इलाज करवा रहे हैं। उपमुखिया ने आरोप लगाया कि इलाके में काफी अवैध शराब का कारोबार फल फूल रहा है। लेकिन, पुलिस इन पर पूरी तरह से लगाम नहीं लगा पा रही है। आमल यह हुआ कि करीब तीन साल के अंदर दूसरी बार जहरीली शराब कांड हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार बेखौफ जारी है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए गए होते, तो इस घटना को रोका जा सकता था।