Bihar: बांग्लादेश में हिंदू उत्पीड़न के खिलाफ फारबिसगंज में ABVP का प्रदर्शन, सुरक्षा की उठी आवाज
Bihar: फारबिसगंज में ABVP ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी व पुतला दहन कर भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई फारबिसगंज द्वारा बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा और अत्याचार के विरोध में सोमवार को फारबिसगंज स्टेशन चौक पर शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर सहमंत्री अनिकेत साह एवं कॉलेज अध्यक्ष सूर्यानंद ऋषि ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, बांग्लादेश की यूनुस सरकार मुर्दाबाद तथा बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो जैसे नारों के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन कर यह संदेश दिया गया कि धार्मिक स्वतंत्रता कोई विकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है।
पढे़ं: शराबबंदी में बड़ी कार्रवाई, डायल 112 का होमगार्ड जवान शराब के साथ गिरफ्तार; भेजा गया जेल
मौके पर उपस्थित प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व विभाग सह संयोजक आकाश कुमार तथा जिला संयोजक शिवम साह ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही घटनाएं मानवता पर गहरा धब्बा हैं। उन्होंने कहा कि दीपू चंद्र दास की हत्या ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है, बावजूद इसके अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों और तथाकथित उदारवादी वर्ग की चुप्पी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश की घटनाएं केवल समाचार नहीं, बल्कि उन सभी देशों के लिए गंभीर चेतावनी हैं जहां हिंदू अल्पसंख्यक के रूप में रहते हैं। वहां उनकी सुरक्षा और अधिकार लगातार खतरे में पड़ते जा रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भारत सरकार से मांग की कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाए तथा बांग्लादेश सरकार पर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने का दबाव बनाए।
