प्यार का कत्ल: सरकारी नौकरी मिलते ही युवक ने तोड़ा 11 साल का रिश्ता, दूसरी से कर रहा था शादी; अब दूल्हा फरार
Purnea News: पूर्णिया में बीपीएससी शिक्षक बनने के बाद युवक पर 11 साल पुराने प्रेम संबंध से मुकरने और दूसरी शादी करने की तैयारी करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने पर पुलिस पहुंची तो आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। मामले की जांच जारी है।
विस्तार
बिहार के पूर्णिया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सरकारी नौकरी मिलने के बाद एक युवक द्वारा अपने लंबे समय से चले आ रहे प्रेम संबंध से इनकार करने का आरोप लगाया गया है। शुक्रवार को जब आरोपी युवक दूसरी लड़की से शादी की तैयारी कर रहा था, उसी दौरान पुलिस की छापामारी से गांव में हलचल मच गई। पुलिस को देखते ही युवक घर छोड़कर फरार हो गया। यह मामला बीकोठी प्रखंड के कोरलहा गांव निवासी अंजय कुमार से जुड़ा है, जिनके पिता का नाम महेश्वरी प्रसाद सिंह बताया गया है।
पटना में पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ था रिश्ता
मामले की शुरुआत करीब 11 साल पहले हुई थी, जब लखीसराय की रहने वाली एक युवती और अंजय कुमार पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ और उन्होंने साथ रहने की कसमें भी खाईं। संघर्ष के दौर में दोनों एक-दूसरे का सहारा बने रहे और भविष्य के लिए कई सपने भी देखे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दोनों साथ रहे
बताया गया है कि दोनों ने बिहार दारोगा परीक्षा की भी तैयारी की थी। युवती ने इस परीक्षा की लिखित परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन वह इंटरव्यू में सफल नहीं हो सकी। दूसरी ओर अंजय कुमार ने वर्ष 2023 में बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर ली। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि करीब छह वर्ष पहले युवती ने अंजय के भरोसे पर अपने परिवार से दूरी बना ली थी और पटना में उसके साथ रहने लगी थी। हालांकि शिक्षक के रूप में पूर्णिया के कसबा में स्थायी नियुक्ति मिलने के बाद अंजय कुमार के व्यवहार में बदलाव आने लगा।
पढ़ें- Bihar News: वरमाला के वक्त खुला सच! दूल्हा बना बंधक, दुल्हन ने शादी से किया चौंकाने वाला इंकार; जानें क्यों
दूसरी शादी की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
पीड़िता को तीन-चार दिन पहले जानकारी मिली कि अंजय कुमार 14 मार्च को किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहे हैं। इसके बाद युवती ने पहले स्थानीय स्तर पर समाधान की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनने पर वह गुरुवार को पूर्णिया महिला थाना पहुंची। महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत प्राथमिकी दर्ज की और पुलिस टीम के साथ बीकोठी स्थित अंजय कुमार के पैतृक घर पर छापामारी की।
पुलिस पहुंचते ही घर छोड़कर फरार हुआ आरोपी
पुलिस की गाड़ी गांव पहुंचते ही शादी का माहौल अचानक बदल गया और गिरफ्तारी के डर से आरोपी अंजय कुमार घर छोड़कर फरार हो गया। महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने बताया कि पीड़िता का बयान न्यायालय में धारा 183 के तहत दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक महिला की भावनाओं और भविष्य के साथ कथित रूप से खिलवाड़ करने के मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.