Bihar News: सऊदी से लौटे युवक की मौत का खौफनाक सच, जिसे समझा हादसा, वो निकला कत्ल; कातिल ने खुद उगला राज
पूर्णिया के अमौर थाना क्षेत्र में तालाब से मिली युवक की लाश का मामला अब हत्या में बदल गया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं पोस्टमार्टम के लिए कब्र से शव निकालने की तैयारी की जा रही है।
विस्तार
पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत विष्णुपूर गांव में 1 जनवरी को तालाब से बरामद युवक की लाश का मामला अब सनसनीखेज हत्याकांड में तब्दील हो गया है। शुरुआत में जिसे हादसा माना जा रहा था, वह अब सोची-समझी साजिश और ठंडे दिमाग से की गई हत्या के रूप में सामने आया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मृतक की पहचान बरबटा गांव निवासी मो. वाजुद्दीन के पुत्र मो. तहसीन के रूप में हुई है। तहसीन सऊदी अरब में काम करते थे और 18 दिसंबर 2025 को ही घर लौटे थे।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी बीबी प्रवीणा ने अपने आवेदन में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि गांव के ही मो. शाहिद (पिता–स्व. सोचाई) के साथ उनके पति का उठना-बैठना था। आरोप है कि 31 दिसंबर 2025 को किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान शाहिद ने तहसीन को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अगले ही दिन, 1 जनवरी को विष्णुपूर स्थित एक खेत के तालाब से तहसीन की लाश बरामद हुई।
ग्रामीणों के बहकावे में नहीं कराया गया पोस्टमार्टम
घटना के समय पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन गांव-समाज के लोगों के कहने पर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को दफना दिया गया। प्रवीणा का आरोप है कि शाहिद ने लूटपाट की नीयत से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तहसीन की हत्या की और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया।
नशे में कबूलनामा बना वजह
पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन बाद आरोपी शाहिद ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने यह भी कहा कि उसी ने तहसीन की हत्या की है और अब उसके पिता व भाई को भी मार देगा। इस कथित स्वीकारोक्ति के बाद पीड़िता ने पूर्णिया एसपी से न्याय की गुहार लगाई।
ये भी पढ़ें- Rohini Acharya: 'महिलाओं के प्रति मानसिक-वैचारिक कुंठा से ग्रस्त हैं नीतीश', विधानसभा में CM की किस बात पर भड़कीं रोहिणी?
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि एसपी को दिए गए आवेदन के आधार पर कांड संख्या 42/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मो. शाहिद को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम की संभावना
चूंकि शव को पहले ही दफना दिया गया है, ऐसे में साक्ष्य जुटाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। संभावना जताई जा रही है कि मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि वैज्ञानिक तरीके से मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

मृतक युवक का फाइल फोटो और पत्नी का फाइल फोटो