Bihar News: दुधमुंही बच्ची हुई बेसहारा, मां की संदिग्ध मौत, गला दबाकर हत्या का आरोप
पूर्णिया के रघुवंशनगर थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पति और देवर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के गले पर निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
विस्तार
पूर्णिया में एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने पति और देवर पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की महज दो माह की एक छोटी बच्ची है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। यह घटना रघुवंशनगर थाना क्षेत्र के बालूटोल तीनतांगा गांव की है। मृतका की पहचान धमदाहा निवासी गोपाल मंडल की 20 वर्षीय बेटी शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। मृतका की बहन नूतन देवी ने बताया कि शिवानी की शादी दो साल पहले बालूटोल निवासी कैलाश मंडल के बेटे सनोज मंडल के साथ धूमधाम से हुई थी। परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में 2 लाख रुपये नकद और अन्य सामान भी दिया था।
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
शादी के शुरुआती कुछ महीनों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति सनोज मंडल छोटी-छोटी बातों पर शिवानी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने लगा। परिजनों का आरोप है कि सनोज मंडल का किसी दूसरी लड़की के साथ संबंध था, जिसके कारण वह इस शादी से खुश नहीं था और अक्सर शिवानी को परेशान करता था।
विवाद इतना बढ़ गया था कि शिवानी कुछ समय पहले मायके चली गई थी।
ससुराल वापस लाकर फिर शुरू हुआ झगड़ा
हाल ही में उसकी सास धमदाहा पहुंची और मामला सुलझाने का भरोसा देकर शिवानी को वापस ससुराल ले आई थी। लेकिन बहन के अनुसार, तीन दिन पहले ही देवर मनोज मंडल ने शिवानी के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। इस दौरान उसके कान की बाली खिंच गई, जिससे काफी खून भी निकला था।
ये भी पढ़ें: फर्जी बीएड अंकपत्र पर बनी शिक्षिका, निगरानी जांच में खुला बड़ा खेल, अब दर्ज हुआ केस
आखिरी बातचीत के बाद आई मौत की खबर
बहन ने बताया कि गुरुवार रात उसकी शिवानी से आखिरी बार बात हुई थी। उस समय शिवानी ने बताया था कि सास ने मछली खाने के लिए 100 रुपये दिए हैं और घर का माहौल ठीक लग रहा है। लेकिन सुबह होते ही उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस फिर मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतका के गले पर गहरा काला निशान मिला है, जो पहली नजर में गला दबाकर हत्या की ओर इशारा करता है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।