Bihar News: नदी की तेज धार में बहीं दो सहेलियां, नहीं बच सकी जान; मौत से गांव में पसरा मातम
पूर्णिया के बायसी में नदी में नहाने के दौरान दो नाबालिग सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। पैर फिसलने के बाद एक किशोरी गहरे पानी में चली गई, जिसे बचाने के प्रयास में दूसरी भी तेज धार की चपेट में आ गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्णिया में नदी में नहाने के दौरान पैर फिसलने से दो नाबालिग सहेलियां तेज धार की चपेट में आ गईं। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। एक साथ दो मासूम जिंदगियों के नदी में समा जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटना जिले के बायसी थाना क्षेत्र की मलहरिया पंचायत के जाबर गांव के वार्ड-9 की है।
मृतक किशोरियों की पहचान जाबर गांव निवासी मोइनुल की 16 वर्षीय बेटी फरीदा और स्वर्गीय ऐनुल की 15 वर्षीय बेटी सोगरी के रूप में हुई है। दोनों आपस में गहरी सहेलियां थीं और अक्सर साथ ही रहती थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोरियां घर से एक साथ पास ही बहने वाली नदी में नहाने के लिए गई थीं। नहाने के दौरान एक किशोरी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी सहेली भी नदी की तेज धार में समा गई।
काफी देर तक जब दोनों घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। अनहोनी की आशंका पर ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे, जहां दोनों बच्चियां गहरे पानी में डूबी मिलीं। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें- Bihar: बिहार के छात्रों के लिए सीएम सम्राट की चार बड़ी घोषणाएं, शिक्षा-परीक्षा व्यवस्था में बदलाव होंगे; जानिए
घटना की सूचना मिलते ही बायसी थाना पुलिस बल के साथ जाबर गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली। बायसी थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि नदी में दो किशोरियों के डूबने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों के अनुरोध के बाद परिवार ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
एक ही गांव की दो बेटियों की अचानक हुई इस असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दोनों सहेलियों के डूबने के बाद निकालने के लिए जुटी लोगों की भीड़