Bihar Crime: सीवान के युवक को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में मारी गोली, पशु तस्करी के मामले में था वांछित
Siwan News: देवरिया में पशु तस्करी के मामले में वांछित सीवान निवासी मुबारक पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ। फायरिंग के दौरान उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद की। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शनिवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में बिहार के सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हरिहांस निवासी मुबारक को पुलिस की गोली लग गई। आरोपी मुबारक के पैर में गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वांछित अभियुक्त था मुबारक
पुलिस के अनुसार, मुबारक पशु तस्करी से जुड़े एक मामले में वांछित था। देवरिया पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार की अगुवाई में लार थाना क्षेत्र में जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना लार में दर्ज केस नंबर 320/2023 (धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम) में वांछित अभियुक्त मुबारक उसी रास्ते से गुजरने वाला है।
फायरिंग के दौरान लगी गोली
सूचना के आधार पर पुलिस ने खरवनिया बांध के पास घेराबंदी की। जब पुलिस ने मुबारक को मोटरसाइकिल सहित रोकने की कोशिश की, तो उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया और गिरने के बाद पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें मुबारक के पैर में गोली लग गई।
यह भी पढ़ें- Priyanka Gandhi In Katihar: बिहार में प्रियंका पीएम मोदी के कट्टे वाले बयान पर बरसीं, कहा- पद की गरिमा का...
कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मुबारक के पास से एक 315 बोर का देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और बाइक बरामद की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सीवान के हुसैनगंज क्षेत्र में भी इस मुठभेड़ की चर्चा जोर पकड़ रही है।
पुलिस जांच में जुटी
देवरिया पुलिस ने कहा कि घायल अभियुक्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि मुबारक किस तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ था और उसके अन्य साथियों की लोकेशन कहां है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: घर में संदिग्ध हालात में मिला पति-पत्नी का शव, बेटों से अलग रहते थे दंपत्ति, पुलिस ने शुरू की जांच