Bihar News: सीवान में छठ घाट पर स्नान के दौरान बुजुर्ग महिला की डूबकर मौत, मंदिर में पूजा के लिए आई थीं
Bihar News: तालाब की सफाई कर रहे मजदूरों ने महिला को डूबते देखा तो पास के ही खानपुर निवासी धर्मनाथ सिंह को सूचना दी। धर्मनाथ सिंह ने तुरंत थाना अध्यक्ष, सीओ और मृतका के परिजनों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी ही देर में परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गए।
विस्तार
सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के जमुनागढ़ तालाब स्थित उतर छठ घाट पर रविवार की सुबह पूजा-अर्चना के दौरान स्नान करते समय एक बुजुर्ग महिला की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी स्वर्गीय लखीचंद महतो की 69 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़हरिया थाना अध्यक्ष छोटन कुमार, सीओ सरफराज अहमद, 112 टीम के एसआई कौशर अली और एसआई तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मुन्नी देवी प्रतिदिन की तरह रविवार सुबह भी जमुनागढ़ देवी मंदिर में पूजा करने पहुंची थीं। सुबह करीब 8 बजे वह मंदिर परिसर के पास स्थित तालाब के उतर छठ घाट पर स्नान करने गईं। इसी दौरान सीढ़ियों से उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकीं और डूब गईं।
पढ़ें: 'कांग्रेस अब किसी की खाद नहीं बनेगी', सीट बंटवारे को लेकर तेजस्वी यादव पर पप्पू यादव का तंज
तालाब की सफाई कर रहे मजदूरों ने महिला को डूबते देखा तो पास के ही खानपुर निवासी धर्मनाथ सिंह को सूचना दी। धर्मनाथ सिंह ने तुरंत थाना अध्यक्ष, सीओ और मृतका के परिजनों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी ही देर में परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि मुन्नी देवी धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं और रोजाना मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाती थीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।