Bihar News: खरना के दौरान गैस सिलेंडर से लगी आग, एक ही परिवार के पांच लोग झुलसे; डीएम से की गई शिकायत
Bihar News: घटना के बाद घायलों को मशरख सीएचसी लाया गया, जहां ड्यूटी पर कोई एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं था। परिजनों ने बताया कि पिछले 40 घंटे से अस्पताल में सिर्फ जीएनएम और कुछ स्वास्थ्यकर्मी ही इलाज कर रहे हैं।
विस्तार
छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के दौरान सारण जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। मशरख थाना क्षेत्र के दुर्गौली गांव में रविवार की रात गैस सिलेंडर से अचानक लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से झुलसे सभी लोगों को तत्काल मशरख स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक मौजूद नहीं थे। इस पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिलाधिकारी से शिकायत की।
जानकारी के मुताबिक, दुर्गौली गांव निवासी विष्णु देव राय का पुत्र छट्ठू यादव (34), उसकी पत्नी पूजा देवी (29), सुनील राय की पत्नी बिंदू देवी (32), चार वर्षीय अनु कुमारी और पांच वर्षीय सुमित कुमार खाना बनाने के दौरान आग की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि खरना प्रसाद की तैयारी के समय गैस पाइप से गैस का रिसाव हो रहा था, जिससे अचानक आग भड़क उठी। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सभी झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
पढ़ें: दुकान में आग लगने से युवक की जलकर हुई मौत, शव का कराया गया पोस्टमार्टम; जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद घायलों को मशरख सीएचसी लाया गया, जहां ड्यूटी पर कोई एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं था। परिजनों ने बताया कि पिछले 40 घंटे से अस्पताल में सिर्फ जीएनएम और कुछ स्वास्थ्यकर्मी ही इलाज कर रहे हैं। चिकित्सकों की अनुपस्थिति से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह और पूर्व सैनिक शंभूनाथ सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सारण जिलाधिकारी अमन समीर को फोन कर पूरे मामले की शिकायत की।
ग्रामीणों ने बताया कि मशरख सीएचसी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति आम बात बन चुकी है। कई बार प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, लेखापाल और लिपिक तक बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी होती है। फिलहाल सभी झुलसे लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।