Bihar: दरियापुर को मिली उच्च शिक्षा की सौगात, डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
सारण जिले के दरियापुर प्रखंड के दरिहारा पंचायत में नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया गया। उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कॉलेज का शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को घर के पास ही स्नातक की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण जिले के दरियापुर प्रखंड को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। दरिहारा पंचायत स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कॉलेज का उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के नए अवसर विकसित होंगे।
ग्रामीण छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नए डिग्री कॉलेज से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अब उन्हें पढ़ाई के लिए दूर जाकर रहने या अतिरिक्त खर्च उठाने की जरूरत नहीं होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम
सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने कहा कि दरिहारा पंचायत लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान रखती है। यहां के लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता अधिक है। ऐसे में डिग्री कॉलेज की स्थापना आसपास के कई गांवों के युवाओं के लिए भी लाभदायक साबित होगी और क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
भवन और सुविधाओं को लेकर उठे सवाल
कॉलेज के उद्घाटन के साथ ही कुछ स्थानीय लोगों ने आधारभूत सुविधाओं को लेकर चिंता भी जताई। उनका कहना है कि भवन और अन्य व्यवस्थाएं अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुई हैं। हालांकि प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शेष निर्माण और जरूरी सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से पूरी कर दी जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
पश्चिमी क्षेत्र के विद्यार्थियों ने उठाया दूरी का मुद्दा
दरियापुर प्रखंड के पश्चिमी हिस्से की कई पंचायतों के लोगों ने कॉलेज के स्थान चयन पर सवाल उठाए। हरिहरपुर, पिरारी डीह, सुतिहार, विशम्भरपुर, फतेहपुर चैन, प्रतापपुर और मटिहान सहित कई पंचायतों के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कॉलेज तक पहुंचने के लिए करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। उन्होंने भविष्य में पश्चिमी क्षेत्र में भी उच्च शिक्षा संस्थान खोलने या बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में विधान परिषद सदस्य प्रो. बीरेंद्र नारायण यादव, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।