गोपालगंज में 24 घंटे में पति-पत्नी की मौत: पहले पत्नी की संदिग्ध मौत; अगले दिन पेड़ से लटका मिला पति का शव
गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी की मौत से सनसनी फैल गई। पहले पत्नी प्रियंका देवी उर्फ नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। इसके अगले दिन पति सुजीत प्रसाद का शव आम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पहले एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और अगले ही दिन उसके पति का शव गांव के एक बगीचे में आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। दो दिनों में हुई इन दो मौतों से भटवलिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
दहेज हत्या का लगा था आरोप
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रियंका देवी उर्फ नेहा के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले भटवलिया निवासी सुजीत प्रसाद (30) के साथ हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। महिला की संदिग्ध मौत के बाद उसके मायके वालों ने पति सुजीत और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया था।
फरार पति का बगीचे में मिला शव
पत्नी की मौत के बाद से ही सुजीत प्रसाद घर से फरार बताया जा रहा था। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर ही रहे थे कि अगले दिन मांझा थाना क्षेत्र के चंदन टोला स्थित एक आम के बगीचे में उसका शव पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों की नजर जब पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
ये भी पढ़ें- Bihar News: राहुल गांधी पर सीएम सम्राट चौधरी का हमला, बोले- अमर्यादित आचरण के लिए देश से मांगें माफी
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मांझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया। फिलहाल यह सवाल बना हुआ है कि क्या सुजीत ने पत्नी की मौत के बाद लगे गंभीर आरोपों और पुलिस कार्रवाई के डर से आत्महत्या की, या फिर इन दोनों मौतों के पीछे कोई और वजह है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद मासूम बच्चों के सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ गया है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।