Bihar: पूर्णिया में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटकी मिली; FSL जांच में जुटी पुलिस
पूर्णिया के बनमनखी में 16 वर्षीय किशोरी मनीषा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, नए कपड़े खरीदने को लेकर हुई बातचीत के बाद वह कमरे में चली गई थी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्णिया जिले के बनमनखी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 03 में नए कपड़े खरीदने की इच्छा पूरी न होने से आहत किशोरी मनीषा कुमारी (16) की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, हादसे से कुछ ही देर पहले मनीषा ने अपने परिजनों से नए कपड़े (ड्रेस) खरीदने की जिद की थी। कपड़े की मांग को लेकर परिजनों के साथ उसकी बातचीत और बहस हुई थी। इसके बाद वह उदास होकर अपने कमरे में चली गई।
इसी दौरान उसके पिता घर के भीतर स्नान करने चले गए। कुछ देर बाद जब पिता स्नान करके बाहर निकले और कमरे की ओर गए, तो मनीषा को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा और तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना निजी अस्पताल की ओर से बनमनखी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बनमनखी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की संवेदनशीलता और संदिग्धता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, पूर्णिया भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: राहुल गांधी पर सीएम सम्राट चौधरी का हमला, बोले- अमर्यादित आचरण के लिए देश से मांगें माफी
मामले की जानकारी देते हुए बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।