Bihar: चलती ट्रेन में मोबाइल छीना, वापस पाने के लिए युवक ने लगा दी छलांग! बिहार संपर्क क्रांति का है मामला
Bihar: सीवान जंक्शन के पास बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल तीन युवकों ने छीन लिया। मोबाइल वापस पाने की कोशिश में यात्री ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा से नई दिल्ली जा रही 12665 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री के साथ गुरुवार को मोबाइल छिनतई की घटना हो गई। मोबाइल छिनतई के बाद यात्री ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सीवान जंक्शन से पहले मालगोदाम के समीप हुई। घायल यात्री को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है। घायल की पहचान सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के सेवड़िया मिर्जापुर गांव निवासी नौशाद आलम के रूप में की गई है।
मोबाइल पर बात करते समय हुई वारदात
अस्पताल में इलाजरत नौशाद ने बताया कि वह किसी निजी कार्य से नई दिल्ली जा रहा था। इसके लिए वह छपरा जंक्शन से दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एस-1 कोच में सवार हुआ था। यात्रा के दौरान वह कोच के दरवाजे के समीप खड़ा था और अपने मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था।
मालगोदाम के पास तीन युवकों ने मारा झपट्टा
ट्रेन जब सीवान जंक्शन पहुंचने से पहले मालगोदाम के पास धीमी हुई, तभी बाहर मौजूद तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया। अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गया और मोबाइल वापस पाने के प्रयास में बिना कुछ सोचे-समझे चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी।
चलती ट्रेन से गिरते ही गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
ट्रेन से गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मोबाइल छीनने वाले तीनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को ट्रैक किनारे पड़ा देखा।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
लोगों ने तत्काल उसे उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: राजद के पास अब क्या मास्टर प्लान? लालू परिवार की सुरक्षा घटाने का कैसा मैसेज कहां तक पहुंचा रही पार्टी
परिजनों को दी गई सूचना, यात्रियों में चर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने घायल के परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इधर, घटना को लेकर रेल यात्रियों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।