Bihar: बरौली से जनशक्ति जनता दल उम्मीदवार धर्मेंद्र क्रांतिकारी का नामांकन रद्द, बोले- साजिश के तहत फंसाया गया
गोपालगंज जिले की छह विधानसभा सीटों के नामांकन की स्क्रूटनी पूरी हो गई, जिसमें कुल 52 नामांकन स्वीकृत किए गए हैं। बरौली सीट से जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार धर्मेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ धर्मेंद्र क्रांतिकारी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है।
विस्तार
गोपालगंज जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, कुल 52 नामांकन पत्र स्वीकृत किए गए हैं। इस दौरान बरौली विधानसभा क्षेत्र से तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार धर्मेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ धर्मेंद्र क्रांतिकारी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र यादव उर्फ धर्मेंद्र क्रांतिकारी ने बरौली विधानसभा क्षेत्र से जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। वे हथकड़ी पहने और पुलिस सुरक्षा में समाहरणालय पहुंचे थे, जहां उनकी मौजूदगी से गहमागहमी का माहौल बन गया। हालांकि, स्क्रूटनी के दौरान उनके शपथ पत्र में आवश्यक जानकारी छिपाने के कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।
धर्मेंद्र क्रांतिकारी पर जमीन धोखाधड़ी सहित कई अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं, जिसके चलते वे फिलहाल जेल में हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए उन्हें कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस सुरक्षा में लाया गया था। उन्होंने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की थीं, लेकिन शपथ पत्र में अपराध से जुड़ी जानकारी न देने के कारण उनका नामांकन अमान्य घोषित कर दिया गया।
पढे़ं: 'जल्द ही जेल में होगा लालू परिवार', गोवा के सीएम प्रमोद सावंत बोले; कहा- बिहार को विकसित बनाएंगे
वहीं, धर्मेंद्र क्रांतिकारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप गलत हैं और यह राजनीतिक साजिश के तहत किया गया है। धर्मेंद्र ने दावा किया कि बरौली के स्थानीय विधायक और उनके बेटे ने उन्हें झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाया है। बरौली के माधोपुर गांव के निवासी धर्मेंद्र ने अपने समर्थकों के बीच यह बात कही, जिसके बाद क्षेत्र में उनके प्रति सहानुभूति की लहर देखी गई। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद धर्मेंद्र क्रांतिकारी फिर से जेल लौट गए।