सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   now CID investigating land dispute case with MLA Pappu Pandey several others named gopalganj bihar

Bihar: विधायक पप्पू पांडेय की बढ़ीं मुश्किलें! जमीन विवाद केस जांच अब CID के हाथों में, घेरे में कई बड़े नाम

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोपालगंज Published by: सारण ब्यूरो Updated Sun, 31 May 2026 11:10 AM IST
विज्ञापन
सार

Bihar: गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र में दर्ज जमीन विवाद और कथित अवैध कब्जे के मामले की जांच बिहार सरकार ने सीआईडी को सौंप दी है। मामले में जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, उनके भाई और अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल आरोपी पक्ष को अंतरिम राहत देते हुए दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है।

now CID investigating land dispute case with MLA Pappu Pandey several others named gopalganj bihar
विधायक पप्पू पांडेय - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार

बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में दर्ज एक हाई-प्रोफाइल और गंभीर आपराधिक मामले की जांच अब अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई है। बिहार सरकार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे आगे की जांच के लिए सीआईडी के हवाले करने का फैसला लिया है। इस मामले में सत्ताधारी दल जदयू के कुचायकोट विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, उनके भाई सतीश पांडेय और चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। सीआईडी को जांच मिलने के बाद इलाके के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है।



सुप्रीम कोर्ट से विधायक पक्ष को मिली अंतरिम राहत
एक तरफ जहां मामले की जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया है, वहीं दूसरी ओर इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से आरोपी पक्ष को फिलहाल राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान फिलहाल किसी भी प्रकार की दंडात्मक या दबावपूर्ण कार्रवाई पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने पटना हाई कोर्ट को सुझाव दिया है कि इस मामले से जुड़ी प्राथमिकी को रद्द करने की याचिका पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर जल्द निर्णय लिया जाए। सुप्रीम कोर्ट के इस रुख के बाद विधायक और उनके समर्थकों ने फिलहाल राहत की सांस ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला इसी वर्ष 1 अप्रैल को दर्ज कराई गई एक प्राथमिकी से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार राय ने पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया था कि कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में स्थित 16 एकड़ 93 डिसमिल की कीमती जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। शिकायत के अनुसार, जब वह अपनी जमीन की देखरेख के लिए पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने वहां बने कमरे का ताला तोड़कर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया और भय पैदा करने के उद्देश्य से फायरिंग भी की।
विज्ञापन


गिरफ्तारियां और साजिश के आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोला पांडेय उर्फ राकेश पांडेय, गुड्डू कुमार, दीपक कुमार और नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, मामले का एक मुख्य आरोपी राहुल तिवारी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। एफआईआर में शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीन पर कब्जे के प्रयास और पूरी घटना के पीछे एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय और उनके भाई सतीश पांडेय की भूमिका भी शामिल है।

सीआईडी को रिकॉर्ड सौंपने की प्रक्रिया शुरू
सीआईडी को मामला सौंपे जाने के बाद अब स्थानीय स्तर पर कागजी प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार स्थानीय पुलिस ने अभी तक केस से जुड़े सभी रिकॉर्ड और केस डायरी सीआईडी को हस्तांतरित नहीं किए हैं। फिलहाल गोपालगंज पुलिस को सीआईडी की विशेष टीम के पहुंचने का इंतजार है। टीम के आने के बाद सभी दस्तावेज सौंपे जाएंगे और मामले की जांच नए सिरे से आगे बढ़ाई जाएगी।

ये भी पढ़ें: चॉकलेट समझकर खा ली जहरीली गोली; जमुई में 12 साल की बच्ची की मौत, तीन सहेलियां लड़ रहीं जिंदगी की जंग

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में बढ़ी हलचल
मामले की जांच सीआईडी को सौंपे जाने के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। सभी की नजर अब सीआईडी की जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed