उत्तराखंड टनल हादसा: गोपालगंज के पिता-पुत्र समेत तीन मजदूर घायल, रोहित एम्स में लड़ रहा जिंदगी की जंग
उत्तराखंड के चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में पानी भरने और मलबा धंसने से हुए हादसे में गोपालगंज के भोरे के तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें 20 वर्षीय रोहित पांडेय की हालत बेहद नाजुक है। उसे ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में बारिश के बाद पानी भरने और मलबा धंसने से हुए भीषण हादसे का दर्द गोपालगंज के भोरे तक पहुंच गया है। इस हादसे में भोरे प्रखंड के कल्याणपुर कुंभी टोला निवासी अवधेश पांडेय और उनके 20 वर्षीय पुत्र रोहित पांडेय तथा दिउलिया गांव निवासी नंदलाल घायल हो गए हैं। घायलों में रोहित पांडेय की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
एक माह पहले ही रोजी-रोटी की तलाश में गया था रोहित
परिजनों ने बताया कि अवधेश पांडेय पहले से ही चमोली में बन रहे टनल प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को संबल देने के लिए उन्होंने महज एक माह पूर्व ही अपने 20 वर्षीय बेटे रोहित पांडेय को भी वहां काम पर बुलाया था। रोहित अभी काम सीख ही रहा था कि अचानक कुदरत के कहर ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। टनल में पानी भरने और मलबा धंसने से पिता-पुत्र दोनों उसकी चपेट में आ गए।
मासूम बेटी और पत्नी की थमीं सांसें, बिलख पड़े बुजुर्ग दादा
घटना की सूचना जैसे ही रोहित के बुजुर्ग दादा बिशुनी पांडेय को चमोली जिला प्रशासन की ओर से फोन पर दी गई, परिवार में चीख-पुकार मच गई। रोहित की शादी हो चुकी है और उसकी एक छोटी सी दूधमुंही बेटी है। पति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनते ही पत्नी गुंजा पांडेय बदहवास हो गई हैं। घर पर मौजूद छोटा भाई मनीष कुमार पांडेय और बहन प्रीति कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे और पोते की सलामती के लिए दादा बिशुनी पांडेय और दादी हाथ जोड़कर ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar News: राहुल गांधी पर सीएम सम्राट चौधरी का हमला, बोले- अमर्यादित आचरण के लिए देश से मांगें माफी
बदहवास हालत में ऋषिकेश रवाना हुई मां
हादसे की मनहूस खबर मिलने के बाद रोहित की मां सुबह ही ग्रामीणों के सहयोग से ऋषिकेश के लिए रवाना हो गईं। गांव में हर कोई रोहित की सलामती की दुआ कर रहा है। कल्याणपुर कुंभी टोला और दिउलिया गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण टनल हादसे की पल-पल की जानकारी लेने में जुटे हैं।