CJ Roy Death Case: एसआईटी को नहीं मिला प्रताड़ना का कोई सबूत, माना जा रहा तनाव के कारण गई उद्योगपति की जान
कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय की मौत की जांच कर रही एसआईटी को अब तक आयकर अधिकारियों की प्रताड़ना का कोई सबूत नहीं मिला है। शुरुआती निष्कर्षों में संकेत है कि वे गहरे कारोबारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे।
विस्तार
कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय की मौत की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है। इससे यह साबित हो कि आयकर विभाग के अधिकारियों ने उन्हें प्रताड़ित या दबाव में लिया था। जांच अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और शुरुआती निष्कर्षों के अनुसार रॉय गहरे कारोबारी तनाव से जूझ रहे थे, जो कथित तौर पर आत्महत्या की मुख्य वजह बन सकता है।
आयकर अधिकारियों से पूछताछ नहीं हुई थी
एसआईटी ने स्पष्ट किया है कि 31 जनवरी को बंगलूरू स्थित अपने दफ्तर में खुद को गोली मारने वाले रॉय से उस दिन आयकर अधिकारियों ने कोई पूछताछ नहीं की थी। जांच में अब तक ऐसा कोई ठोस आधार भी नहीं मिला है, जिससे यह संकेत मिले कि टैक्स अधिकारियों ने उन पर अनुचित दबाव डाला हो। सूत्रों के अनुसार आयकर अधिकारियों द्वारा धमकी या जबरन दबाव डालने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। रॉय अन्य अनसुलझे मुद्दों को लेकर परेशान दिखाई दे रहे थे।
मानसिक तनाव का इलाज ले रहे थे
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल के महीनों में रॉय ने मानसिक तनाव के लिए इलाज क्यों कराया था। उनके मानसिक हालात को समझने के लिए एसआईटी ने कोच्चि के तीन करीबी मित्रों के बयान दर्ज किए हैं, जिनसे उन्होंने मौत से पहले के दिनों में लंबी फोन बातचीत की थी। बताया गया है कि इन मित्रों के साथ उनका निजी, न कि कारोबारी, संबंध था।
यूट्यूबर्स और कारोबारी साझेदारों से पूछताछ
जांच के तहत उन दो यूट्यूबर्स से भी जानकारी मांगी गई है, जिन्होंने कंफिडेंट ग्रुप के लिए प्रचार सामग्री तैयार की थी। इससे पहले कंपनी के कुछ कारोबारी साझेदारों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।
वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल
पुलिस अब रॉय के वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की तैयारी में है। उनकी कंपनियों के ऑडिट दस्तावेजों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। निजी ऑडिटरों को वित्तीय ट्रांजेक्शनों के विश्लेषण के लिए नियुक्त किया गया है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या फंड फ्लो में रुकावट, नियामकीय जांच या निवेशकों का दबाव उनके बढ़ते तनाव का कारण बना।
लग्जरी जीवनशैली के लिए जाने जाते थे रॉय
रॉय अपने भव्य जीवनशैली के लिए जाने जाते थे, जिसमें दुबई में लग्जरी कारों का कलेक्शन भी शामिल था। पिछले कुछ महीनों में उनके वित्तीय लेन-देन को लेकर जांच तेज हुई थी। इस बीच कंपनी ने पिछले सप्ताह स्पष्ट किया कि उसके सभी प्रोजेक्ट साइट्स पर काम शुरू हो चुका है और फ्लैट खरीदने वालों के प्रति प्रतिबद्धताओं को लेकर स्थिति सामान्य है।