Market Cap: शीर्ष 10 कंपनियों का मार्केट कैप ₹3.12 लाख करोड़ घटा, रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान
पिछले सप्ताह शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच टॉप-10 में शामिल 9 कंपनियों का मार्केट कैप ₹3.12 लाख करोड़ घट गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान हुआ, जबकि भारती एयरटेल फायदे में रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के शेयर बाजार में पिछले सप्ताह भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बाजार में जारी बिकवाली के चलते देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन (Mcap) में कुल ₹3.12 लाख करोड़ की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ।
बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 2,090.2 अंक यानी 2.7 फीसदी टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 532.65 अंकों यानी 2.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में कमजोरी का असर बड़ी कंपनियों के शेयरों पर साफ दिखाई दिया।
क्यों टूटा बाजार?
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च प्रमुख अजीत मिश्रा के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, रुपये में कमजोरी और महंगाई को लेकर बढ़ती चिंताओं ने बाजार की धारणा को कमजोर किया। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से निवेशकों की चिंता और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि महंगे क्रूड ऑयल से आयातित महंगाई बढ़ने, सरकारी वित्तीय दबाव और कंपनियों के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है। यही वजह रही कि निवेशकों ने बाजार में बिकवाली की।
रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का बाजार मूल्य ₹1,34,445.77 करोड़ घटकर ₹18,08,420.81 करोड़ रह गया।
इसके अलावा कई दिग्गज कंपनियों को भी भारी नुकसान हुआ:-
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मार्केट कैप ₹52,245.3 करोड़ घटा।
- टीसीएस की वैल्यू ₹47,415.04 करोड़ कम हुई।
- बजाज फाइनेंस को ₹27,892.28 करोड़ का नुकसान हुआ।
- एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप ₹20,630.01 करोड़ घटा।
- आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यू ₹14,290 करोड़ कम हुई।
- लार्सन एंड टुब्रो को ₹9,078.87 करोड़ का नुकसान हुआ।
- हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप ₹3,970.8 करोड़ घटा।
- एलआईसी की वैल्यू ₹2,182.12 करोड़ कम हुई।
भारती एयरटेल रही फायदे में
जहां ज्यादातर बड़ी कंपनियों को नुकसान हुआ, वहीं भारती एयरटेल ने बाजार में मजबूती दिखाई। कंपनी का मार्केट कैप ₹42,470.13 करोड़ बढ़कर ₹11,60,525.16 करोड़ पहुंच गया। गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का स्थान रहा।