सोनीपत: अग्निपथ का विरोध व ग्रेस के दिल्ली कूच के लिए कुंडली बॉर्डर पर पुलिस तैनात, 51 हिरासत में लिए
अग्निपथ का विरोध व कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ का विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन के मामले में जांच के बाद ही वाहन दिल्ली जाने दिए। तीन किलोमीटर तक जाम लगा रहा। कांग्रेस के युवा प्रदेशाध्यक्ष को बॉर्डर पर रोका गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्निपथ का विरोध व कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ का विरोध में कांग्रेस के दिल्ली में प्रदर्शन के आह्वान पर पुलिस ने कुंडली-सिंघु बॉर्डर व फिरोजपुर-औचंदी बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा रखी। पुलिस ने हर वाहन को जांच के बाद ही दिल्ली जाने दिया। इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में दिल्ली जा रहे युवाओं को दिल्ली पुलिस ने रोक लिया। उनके धरना शुरू करने के चलते 51 युवाओं को हिरासत में लिया गया है। वहीं दिल्ली बॉर्डर पर चेकिंग के लिए कुंडली की सीमा में तीन किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही।
अग्निपथ योजना और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस ने दिल्ली में प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसके चलते सिंघु बॉर्डर पर सुबह से ही दिल्ली पुलिस ने नाका लगा दिया था। हर वाहन को चेकिंग के बाद ही दिल्ली भेजा जा रहा था। हर वाहन को जांच के बाद ही दिल्ली जाने दिया गया।
वाहनों की चेकिंग कर आगे भेजे जाने के लिए कुंडली बॉर्डर पर जाम की स्थिति बन गई। इसमें करीब तीन किलोमीटर तक वाहन फंस रहे। देर शाम तक पुलिस नाका लगाकर वाहनों की जांच करती रही। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। हालांकि बाद में काफी संख्या में भारी वाहनों को केएमपी-केजीपी से भी गुजारा गया।
निर्माण कार्य के चलते पहले ही बनी रहती है जाम की स्थिति
कुंडली बॉर्डर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके चलते पहले ही जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में वाहनों को जांच करने के बाद ही आगे भेजे जाने से वहां वाहन काफी दूर तक जाम में फंस गए। देर शाम तक जाम की स्थिति से निजात नहीं मिल सकी थी।
दिव्यांशु बुद्धिराजा हिरासत में लिए
दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन कुंडू को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। डीसीपी आउटर नॉर्थ बिजेंद्र यादव ने बताया कि कांग्रेस के 51 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। वह सिंघु बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश कर रहे थे। उन्हें रोका गया तो उन्होंने धरना करने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
युवाओं के हित की बात उठाने तक से रोका जा रहा : सचिन
सिंघु बॉर्डर पर पहुंचे कांग्रेस के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन कुंडू व साथियों को रोका गया तो दिव्यांशु ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि यह पाकिस्तान-भारत का बॉर्डर है, जो उन्हें वीजा दिखाना होगा। उसके बाद भी उन्हें रोक दिया। इस पर उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। अग्निपथ को लेकर युवाओं की आवाज उठाने से रोका जा रहा है। सचिन कुंडू ने कहा कि दिल्ली में ईडी बिना कारण राहुल गांधी को परेशान किया जा रहा है। युवाओं के हित की बात उठाने तक से रोका जा रहा है।
खरखौदा में लगाया गया नाका
कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के साथ ही अग्निपथ का विरोध करने उतरी कांग्रेस के दिल्ली में प्रदर्शन के आह्वान पर दिल्ली जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने बॉर्डर पर रोक दिया। सोमवार की सुबह से ही सैदपुर चौकी पुलिस ने प्रभारी रमेश चंद्र की अगुवाई में फिरोजपुर-औचंदी बॉर्डर पर नाका लगाकर मोर्चा संभाला और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर वाहनों की जांच की।
सुरक्षा को लेकर कुंडली बॉर्डर पर नाका लगाया गया है। हर वाहन को जांच के बाद ही आगे भेजा जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि कोई भी शरारती तत्व दिल्ली में प्रवेश न कर सके, जिसके चलते गहनता से जांच की जा रही है। वाहन हाईवे पर न फंसे इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। - रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली
सिंघु बॉर्डर पर रोके जाने के दौरान धरना-प्रदर्शन कर रहे 51 युवाओं को हिरासत में लिया गया। यह संख्या देर शाम तक बढ़ सकती है। कांग्रेसी नेताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया। - बिजेंद्र यादव, डीसीपी आउटर नॉर्थ दिल्ली