पीयू में सोपू नेता पर फायरिंग: भागकर मंदिर में घुसे आरोपी, पुजारी पर पिस्टल तानी; बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में मंगलवार शाम लगभग 5.50 बजे बॉटनी विभाग के बाहर पार्किंग में खड़े सोपू के छात्र नेता जश्नदीप सिंह पर स्कूटी सवार हथियारबंद बदमाश दो राउंड फायरिंग की और मौके से भाग निकले।
विस्तार
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में मंगलवार शाम लगभग 5.50 बजे को सोपू के छात्र नेता जश्नदीप सिंह जवंधा पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बॉटनी विभाग के बाहर पार्किंग में हुई वारदात में हमलावरों ने बेहद करीब से दो राउंड फायर किए जबकि तीसरी गोली पिस्टल में अटक गई। गनीमत रही कि जश्नदीप किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले।
घटना के बाद से जश्न का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। देर रात तक पुलिस उसे तलाशती रही लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार को पीयू में एक कार्यक्रम होना था जिसमें हरियाणवी कलाकारों को बुलाया गया था। कार्यक्रम से करीब 45 मिनट पहले जश्नदीप सिंह पार्किंग में खड़े थे तभी एक्टिवा पर आए तीन युवक उसके पास पहुंचे। एक युवक ने बैग से पिस्टल निकालकर सीधे जश्नदीप पर फायर कर दिया। गोली चलते ही जश्नदीप घबरा गए और जान बचाने के लिए भागने लगे। एक आरोपी करीब 30 मिनट तक पिस्टल लेकर उसके पीछा भागा, इस दौरान उसने दूसरा फायर किया।
तीसरी बार गोली चलाने की कोशिश की गई लेकिन पिस्टल अटक गई। इसके बाद आरोपी पहले से स्टार्ट एक्टिवा पर बैठे अपने दो साथियों के साथ भाग निकला। आरोपियों की उम्र 20 से 22 साल बताई जा रही है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने पुलिस अधिकारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
जश्नदीप पटियाला के समाना के रहने वाले हैं और स्कॉर्पियो गाड़ी से यूनिवर्सिटी आते थे। वर्तमान में पीयू में पढ़ाई नहीं कर रहे लेकिन सोपू के स्टेट प्रेसिडेंट है।
पुजारी पर भी तानी पिस्टल
वारदात के बाद आरोपी भागते हुए सेक्टर-14 स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचे। जूते पहनकर मंदिर में घुसने लगे तो पुजारी ने उन्हें रोक दिया। इस पर एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर पुजारी पर तान दी। मंदिर से बाहर निकलने के बाद आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर सड़क किनारे खड़े पिंजौर निवासी गोविंदा से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल छीन ली। उस समय वह आयुर्वेदिक दवा लेने के लिए रुका हुआ था और बुलेट की चाबी लगी हुई थी।पुलिस जांच में सामने आया कि पीयू में फायरिंग के दौरान मौके पर तीन युवक थे लेकिन मंदिर में पुजारी को धमकाने और बुलेट लूटने के दौरान चार आरोपी हो गए। चारों आरोपी बाद में बुलेट पर सवार होकर फरार हुए। आरोपी डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड के पास बुलेट छोड़कर फरार हो गए। सेक्टर-24 पुलिस ने बुलेट बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार जिस एक्टिवा पर आरोपी आए थे, वह एक साल पहले मोहाली फेज-1 से चोरी हुई थी। उस पर असली नंबर प्लेट ही लगी हुई थी। आरोपी भागते समय मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी पंजाब में घुस सकते हैं।
घटना के समय पीयू में कार्यक्रम के चलते पुलिस मौजूद थी इसके बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। यही नहीं कई पुलिस अधिकारी भी पीयू में ड्यूटी पर थे, हालांकि वह कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर थे। कैंपस में सीसीटीवी कैमरों की कमी भी सामने आई है जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
डोनी बल और शगनप्रीत ने ली जिम्मेदारी
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। पोस्ट में बंबीहा गैंग ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा है कि पीयू में सोपू नेता जश्नदीप पर गोली हमारे भाई डोनी बल और शगनप्रीत ने चलवाई है। इसकी किस्मत थी कि बच गया लेकिन हर एक की किस्मत ऐसी नहीं होगी। आगे लिखा जो भी लॉरेंस सोपू ग्रुप के साथ चलेगा उसका अंजाम मौत होगा। आखिर में लिखा रेस्ट इन पीस सिद्धू मूसेवाला। हैस्टैग के साथ दविंदर बंबीहा ग्रुप, गोपी घनशामपुरिया ग्रुप और कौशल चौधरी।एफआईआर में जश्नदीप के नाम का जिक्र नहीं
पुलिस ने एफआईआर में सीधे तौर पर जश्नदीप पर फायरिंग का जिक्र नहीं किया है क्योंकि घटना के समय वह मौके पर नहीं मिला और कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस अधिकारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को मौके से 30 की पिस्टल के दो खोल मिले हैं।फायरिंग के बाद भड़के छात्र, बोले-सिक्योरिटी चीफ नहीं हटे तो सरताज नाइट ठप
पीयू में सोपू नेता पर फायरिंग की घटना के बाद विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है। मंगलवार शाम बड़ी संख्या में सोपू समेत अन्य छात्र स्टूडेंट्स सेंटर पर जुटे और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चीफ सिक्योरिटी अफसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार सुबह तक चीफ सिक्योरिटी अफसर इस्तीफा नहीं देते तो वे बुधवार शाम आयोजित होने वाली सरताज नाइट कार्यक्रम को स्टेज पर चढ़कर बंद कर देंगे। शाम को शुरू हुआ प्रदर्शन करीब दो घंटे तक जारी रहा। इस दौरान डीएसडब्ल्यू प्रो. वाईके रावल, प्रो. नमिता गुप्ता और चीफ सिक्योरिटी अफसर विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की।
विद्यार्थियों ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर के अंदर फायरिंग की घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। कैंपस में कोई भी सुरक्षित नहीं है। बाहरी लोग परिसर में कैसे प्रवेश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पिछले साल छात्र आदित्य ठाकुर की हत्या का मुद्दा भी उठाया और कहा कि उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया।
उन्होंने मांग की कि कैंपस में बाहरी लोगों की एंट्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए और सुरक्षा को मजबूत किया जाए। पीयू में हथियारों के साथ बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर विद्यार्थियों में गहरा रोष है। छात्रों ने कहा कि पीयू में 150 सिक्योरिटी गार्ड तीनों मुख्य गेटों पर तैनात हैं, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
कैंपस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायरिंग की घटना का गंभीर संज्ञान लिया गया हैष। चंडीगढ़ पुलिस जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ट्रैक किया जा रहा है। -प्रो. वाईपी वर्मा, रजिस्ट्रार