{"_id":"6a1359e2b59b3c4237097c77","slug":"police-line-sector-26-in-a-bad-state-people-are-troubled-by-broken-swings-dirt-illegal-encroachment-and-traffic-jams-chandigarh-news-c-16-pkl1049-1028387-2026-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस लाइन सेक्टर-26 बदहाल: टूटे झूले, गंदगी, अवैध कब्जे और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस लाइन सेक्टर-26 बदहाल: टूटे झूले, गंदगी, अवैध कब्जे और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर की सुरक्षा संभालने वाले पुलिसकर्मियों की कॉलोनी ही बदहाल व्यवस्था से जूझ रही है। सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों ने इलाके की समस्याओं को लेकर चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा को शिकायत भेजी है। शिकायत में ट्रैफिक जाम, अवैध कब्जे, गंदगी, टूटी सुविधाएं, अवैध पार्किंग और खराब रखरखाव जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। निवासियों का कहना है कि पुलिस लाइन के भीतर हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
पार्कों में टूटे झूले, बिजली के पोलों से हादसे का डर
पुलिसकर्मियों का कहना है कि पुलिस लाइन के पार्कों में लगे झूले करीब 12 साल से टूटे पड़े हैं। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि उसका भतीजा जब पैदा हुआ था, तब से झूले टूटे हुए हैं और अब वह लगभग 12 साल का हो चुका है। बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित जगह नहीं बची है, जिस कारण उन्हें आरटीसी के फुटबॉल ग्राउंड में जाना पड़ता है। पार्कों में बिजली के पोलों के पास नंगी तारें पड़ी हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद मरम्मत नहीं करवाई जा रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्राउंड फ्लोर वालों पर अवैध कब्जे के आरोप
पुलिस लाइन में रहने वाले लोगों का कहना है कि ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले कुछ कर्मचारियों ने घरों के बाहर कब्जा कर पार्किंग बना ली है। इससे ऊपर की मंजिलों में रहने वाले परिवारों को वाहन खड़े करने में परेशानी हो रही है। वहीं पैदल चलने के लिए बनाए गए ट्रैक पर घास उग चुकी है। सफाई और रखरखाव नहीं होने से ट्रैक इस्तेमाल लायक नहीं बचा है।
Trending Videos
गंदगी और कूड़े से लोग परेशान
निवासियों के मुताबिक पुलिस लाइन में नियमित सफाई नहीं होती। कई जगहों पर कूड़ा पड़ा रहता है और कूड़ा उठाने वाले भी समय पर नहीं आते। शिकायत में कहा गया कि गेट नंबर-2 से गेट नंबर-3 के बीच फल, सब्जियों और नारियल के छिलके फेंके जाते हैं, जिससे बदबू और गंदगी फैल रही है। इसके अलावा कुछ लोग पुलिस लाइन की दीवार के साथ खुले में पेशाब और शौच करते हैं, जिससे परिवारों को शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है।
गेटों के बाहर ट्रकों और रेहड़ियों का कब्जा
लोगों ने बताया कि शाम होते ही गेट नंबर-1 से गेट नंबर-4 तक ट्रकों, ट्रैक्टरों और पिकअप वाहनों की कतार लग जाती है। सड़क के बाकी हिस्से में ई-रिक्शा और रेहड़ी चालक खड़े रहते हैं। रातभर लोडिंग-अनलोडिंग का काम चलता है, जिससे ड्यूटी पर जाने वाले पुलिसकर्मियों और बच्चों को स्कूल छोड़ने वाले अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। परिवारों ने दुर्घटना की आशंका जताई है।
मकानों की हालत जर्जर, काम बीच में रुका
शिकायत में यह भी कहा गया कि पुलिस लाइन के कई मकानों की हालत जर्जर हो चुकी है। कुछ घरों में टाइल लगाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन करीब डेढ़ सौ घरों के बाद एक साल से काम बंद पड़ा है। इसके बाद मरम्मत कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ। इलाके में चोरियों की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
डीजीपी से कार्रवाई की मांग
निवासियों ने डीजीपी से मांग की है कि पुलिस लाइन में अवैध कब्जे हटाए जाएं, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जाए, सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए और पार्कों व सरकारी मकानों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।