Mansa News: मानहानि केस में CM मान अदालत में पेश, 50 हजार के निजी मुचलके पर मिली जमानत
सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि बात-बात पर मानहानि का केस करने का रिवाज पैदा हो गया हैं। उन्होंने कहा कि मनहानि का केस दायर कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। वह अदालत का सम्मान करते हैं और मुख्यमंत्री अदालत से ऊपर नही है। जव अदालत बुलाएगी वह जरूर आएंगे।

विस्तार
मानहानि मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मानसा की कोर्ट में पेश हुए। उनके खिलाफ मानसा के पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने केस दायर किया है। कोर्ट ने सीएम मान को 50 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। अदालत ने उन्हें पांच दिसबंर को दोबारा अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।

जानकारी के अनुसार 2017 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर पहली बार विधायक बने नाजर सिंह मानशाहिया 25 अप्रैल 2019 को आम आदमी का दामन छोड़कर पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसके बाद 27 अप्रैल को मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया पर 10 करोड़ रुपये और पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की चेयरमैनी लेने के लिए कांग्रेस में शामिल होने का आरोप लगाया था। इसके बाद विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने मान पर मानहानि का केस दायर करते हुए माफी मांगने की बात कही थी।
पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने 28 जुलाई को यह केस दायर किया था। अदालत ने संज्ञान लेते हुए सीएम भगवंत मान समेत कुल नौ लोगों को समन जारी किया था। इनमें चार पत्रकार और चार संपादक शामिल थे। एक संपादक का देहांत हो गया है। इसके अलावा दो संपादकों ने अपनी जमानत करवा ली थी।
बात-बात पर मानहानि केस करने का हुआ रिवाज
सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि बात-बात पर मानहानि का केस करने का रिवाज पैदा हो गया हैं। उन्होंने कहा कि मनहानि का केस दायर कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। वह अदालत का सम्मान करते हैं और मुख्यमंत्री अदालत से ऊपर नही है। जव अदालत बुलाएगी वह जरूर आएंगे।
सीएम ने कहा कि पूरी कांग्रेस ‘मान’ की हानि करने में लगी है। उन पर ही नही बल्कि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह पर बात-बात पर केस दर्ज करवाए गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को आतंकवादी कहने वालों पर केस दर्ज नहीं होना चाहिए, गोली मारो कहने वालों पर मानहानि का केस दर्ज नहीं होना चाहिए।
पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया पर तंज कसते हुए सीएम मान ने कहा कि विधायक ने डेढ़ लाख लोगों को धोखा देकर पार्टी बदली है। उनकी मानहानि नहीं हुई, मानहानि सिर्फ नेताओं के लिए ही रह गई हैं। उन्होंने कहा कि मानशाहिया को कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया, वह राहुल गांधी पर मानहानि का केस दायर करें।