बेमेतरा: पलटे ट्रक से खुला गांजा का नेटवर्क, 83KG हुआ था बरामद, फरार चालक तीन माह बाद गिरफ्तार
3 दिसंबर 2025 को पलटे ट्रक से 83 किलो गांजा बरामद हुआ था। फरार चालक लाला चर्मकार 18 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
बेमेतरा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्ती दिख रही है। तीन दिसंबर 2025 को ग्राम बैजी शुल्क नाके के पास एक ट्रक पलटा था। इस ट्रक से सरिया के नीचे छिपा गांजा बरामद हुआ था। मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध गांजा परिवहन करते समय तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिससे ट्रक पलट गया। घटना के बाद से फरार चल रहे ट्रक चालक को पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पलटे ट्रक (सीजी 04 एम 6804) में संदिग्ध सामग्री मिली थी। तलाशी लेने पर प्लास्टिक पैकेट में 83 किलो 950 ग्राम गांजा निकला था। इसकी कीमत करीब 8.39 लाख रुपये आंकी गई। इसके साथ ही 30 लाख रुपये कीमत का ट्रक और सरिया भी जब्त किया गया।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी लाला चर्मकार (31), रीवा निवासी, कबीरधाम जेल में बंद है। वह एक अन्य गांजा तस्करी मामले में वहां कैद था। पुलिस ने न्यायालय से पेशी वारंट प्राप्त कर उसे 18 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जांच में सामने आया कि तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण ट्रक पलटा था।