बीजापुर में खेल महाकुंभ: 18 से 20 फरवरी तक अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, कई राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
देशभर की नामचीन टीमें जैसे इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, तेलंगाना सहित कई टीमें हिस्सा लेंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग व जिला प्रशासन के तहत तैयारियां पूरी हो गई हैं। स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।
विस्तार
जिले के खेल प्रेमियों के लिए एक रोमांचक खबर है। 18 से 20 फरवरी तक मिनी स्टेडियम, बीजापुर में अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसमें देश भर की नामचीन टीमें भाग लेंगी।
विभिन्न राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से टीमें शिरकत करेंगी। इनमें इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जबलपुर रेलवे, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, उड़ीसा और तेलंगाना की टीमें शामिल हैं। दर्शकों को तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में उच्चस्तरीय और रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। मैदान पर दमदार सर्व, बेहतरीन ब्लॉक और शानदार स्मैश का नजारा देखने को मिलेगा, जो खेल के प्रति उत्साह और जोश को बढ़ाएगा।
प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी
जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा, मैदान की व्यवस्था और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम में जिले और प्रदेश के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी, जो इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ाएगी। यह प्रतियोगिता बीजापुर के मिनी स्टेडियम को खेल उत्साह, जोश और रोमांच का केंद्र बनाएगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की टीमों के साथ खेलने और सीखने का अनूठा अवसर मिलेगा। यह आयोजन जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह प्रतिस्पर्धा न केवल खिलाड़ियों के कौशल को निखारेगी, बल्कि खेल भावना और टीम वर्क को भी मजबूत करेगी।