सियासत: BKU-RLD में पहली बार जुबानी जंग, टिकैत बोले- ‘हलवाई का ततैया’; जयंत का पलटवार- ‘मुझे मीठे का शौक नहीं’
मुजफ्फरनगर में भाकियू प्रमुख नरेश टिकैत के ‘हलवाई का ततैया’ बयान पर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पलटवार किया। दोनों नेताओं की बयानबाजी से सियासी हलचल तेज हो गई है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने केंद्रीय राज्यमंत्री और राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह सरकार में हैं, इसलिए उन्हें सरकार की बात करनी पड़ती है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी स्थिति 'हलवाई के ततैया' जैसी है, जो अपने हलवाई को नहीं काटता। उनका यह बयान भारत-अमेरिका समझौते के मुद्दे पर जयंत चौधरी की भूमिका को लेकर सामने आया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
यह भी पढ़ें: PM Modi Meerut Visit: पीएम मोदी के मेरठ दौरे से पहले सुरक्षा सख्त, 20 फरवरी से एसपीजी संभालेगी पूरी कमान
जयंत चौधरी का सोशल मीडिया पर पलटवार
नरेश टिकैत के बयान पर जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि 'जो हलवाई और ततैया का किस्सा सुना रहे हैं, उन्हें बता दूं कि मुझे मीठे का कोई शौक नहीं है।' जयंत का यह जवाब सीधे तौर पर टिकैत के बयान का पलटवार माना जा रहा है।
कार्यकर्ताओं में बढ़ी असहजता, सियासी हलचल तेज
दोनों नेताओं के बीच इस तरह की सार्वजनिक बयानबाजी पहली बार देखने को मिली है। हालांकि इन टिप्पणियों के बाद से भाकियू और रालोद कार्यकर्ताओं के बीच असहजता बढ़ी है। राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विश्लेषक इसे पश्चिमी यूपी के बदलते सियासी समीकरण से जोड़कर देख रहे हैं। यह विवाद आने वाले चुनावों से पहले किसान राजनीति और क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
जो हलवाई और ततैया का किस्सा सुना रहे हैं
— Jayant Singh (@jayantrld) February 18, 2026
उन्हें बता दूँ,
मुझे मीठे का कोई शौक नहीं!