Kabirdham: महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती, समारोह में शामिल हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा
आज शनिवार को कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा कबीरधाम जिले के ग्राम राजानवागांव व लालपुर में आयोजित महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह में शामिल हुए।
विस्तार
आज शनिवार को कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा कबीरधाम जिले के ग्राम राजानवागांव व लालपुर में आयोजित महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पाली समाज द्वारा आयोजित इन कार्यक्रम में सहभागिता कर महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके जीवन, कर्तव्य और सेवाभाव को स्मरण करते हुए समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। ग्राम राजानवागांव में आयोजित कार्यक्रम में शर्मा ने पाली समाज के सामाजिक उत्थान के लिए 6.5 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण व विधायक निधि से 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करते हुए बाजार शेड निर्माण की घोषणा भी की। ताकि ग्रामीणों को सामाजिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बेहतर संरचना उपलब्ध हो सकेगी।
इसी प्रकार ग्राम लालपुर में पाली समाज द्वारा जिला स्तरीय आयोजन में समाज के लिए नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने भवन परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए 3.5 लाख रुपए व बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपए की घोषणा की, जिससे सामाजिक स्थल की सुविधा व सुरक्षा में वृद्धि हो सकेगी। समारोह को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी विलक्षण महिला शासिका थी, जिन्होंने अपने न्यायप्रिय, धर्मपरायण और लोकसेवी शासन के माध्यम से जनमानस के हृदय में स्थायी स्थान बना लिया। उनका सम्पूर्ण जीवन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, धार्मिक सहिष्णुता व प्रशासनिक दक्षता का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने न केवल मालवा राज्य का कुशलतापूर्वक संचालन किया, बल्कि देशभर में मंदिर, घाट व धर्मशालाओं के निर्माण के माध्यम से धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अहिल्याबाई होल्कर की सेवा भावना, नीति-निर्णय व जनकल्याण की दृष्टि आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन दर्शाता है कि शासन और समाज सेवा में महिलाओं की भूमिका कितनी सशक्त और निर्णायक हो सकती है।