कबीरधाम: डिप्टी सीएम बोले- पुत्र मोह में भूपेश ने पूरी कांग्रेस को झोंका, बघेल के झूठ का हुआ पर्दाफाश
आज सोमवार को स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा के जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस लिया। इस दौरान उन्होंने कबीरधाम जिले के पत्रकारों के साथ चर्चा किया।
विस्तार
आज सोमवार को स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा के जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस लिया। इस दौरान उन्होंने कबीरधाम जिले के पत्रकारों के साथ चर्चा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताएं कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल कांग्रेस के किस पद पर है। जिस व्यक्ति का कांग्रेस में कोई पद नहीं उस व्यक्ति के लिए पूरी कांग्रेस प्रदेश में प्रदर्शन कर रही है, इसका साफ मतलब है भूपेश बघेल ने पूरी कांग्रेस को पुत्र मोह में झोंक दिया है। श्री शर्मा ने कहा हमने पहले भी बड़े-बड़े ऐसे उदाहरण देखें हैं,जिसमें लोगों ने पुत्र मोह में खुद को भी बर्बाद किया और अपने पूरे साम्राज्य को भी बर्बाद किया। भूपेश बघेल इस दिशा में काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। भूपेश बघेल व कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने पूरे प्रदेश की जनता को परेशान कर रही है और साथ ही उनका आर्थिक रूप से नुकसान भी करने जा रही है, जो की प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
बघेल के झूठ का हुआ पर्दाफाश
विजय शर्मा ने कहा कि कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर कांग्रेस पार्टी और भूपेश बघेल के झूठ का पर्दाफाश हो गया है। भाजपा ने पत्रकार वार्ता में तथ्यों एवं दस्तावेज प्रेजेंटेशन के माध्यम से कांग्रेस के झूठ को बेनकाब किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चोरी और सीनाजोरी का उदाहरण बार-बार प्रस्तुत कर रही है। आप सबको पता होगा कि अपने शासनकाल के पांच वर्ष में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को दस जनपथ का चारागाह बना दिया था। शराब, कोयला, चावल, गोठान से लेकर पीएससी घोटाले तक में इसने प्रदेश के संसाधनों को जम कर लूटा था। आज इन घोटालों के आरोपी एक-एक कर नप रहे हैं। सभी जेल जा रहे हैं। जिस तरह अपराधियों के खिलाफ हो रही कानूनी कार्रवाई को कहीं और मोड़ा जा रहा है, वह दुर्भाग्यजनक व कांग्रेस में हिप्पोक्रेसी का सबसे बड़ा नमूना है।