LPG Crisis: कबीरधाम में रसोई गैस आपूर्ति पर प्रशासन अलर्ट, होटल-रेस्टोरेंट को सिलेंडर नहीं; कलेक्टर का निर्देश
कबीरधाम जिले में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बुधवार को गैस एजेंसी संचालकों और होटल-रेस्टोरेंट मालिकों की बैठक ली, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस की आपूर्ति निर्बाध रहेगी। लेकिन कुछ शर्तों के साथ ऐसा फैसला लिया गया है।
विस्तार
जिले में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने 11 मार्च 2026 को गैस एजेंसी संचालकों की बैठक ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहेगी। हालांकि, कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति अब सीमित कर दी गई है। यह केवल अस्पताल, स्कूल, आश्रम, छात्रावास और आंगनबाड़ी केंद्रों तक ही होगी। होटल और रेस्टोरेंट में कमर्शियल गैस की आपूर्ति पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
कलेक्टर ने सभी एजेंसी संचालकों को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को गैस की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए। बैठक में इंडियन ऑयल के प्रतिनिधि और जिले के सभी गैस एजेंसी संचालक उपस्थित थे।
एजेंसियों के लिए निर्देश
कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को अपने गोदाम में पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा। उन्हें कम से कम तीन दिन की बिक्री के बराबर एलपीजी सिलिंडर का स्टॉक अनिवार्य रूप से रखना होगा। कंपनी से रिफिल का लोड डिस्पैच होते ही तुरंत नया इंडेंट भेजने का निर्देश दिया गया। इससे आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी और सुचारु बनी रहेगी। एजेंसियों को घर-घर डिलीवरी सेवा नियमित बनाए रखने और दैनिक बिक्री-स्टॉक रिपोर्ट देने को भी कहा गया।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नियम
प्रशासन ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब पिछले सिलेंडर की रिफिलिंग के 25 दिन बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग की जा सकेगी। बुकिंग केवल उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही मान्य होगी। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जिले में रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए आवश्यकतानुसार ही बुकिंग करें।