{"_id":"69b24324fa2a74e865032875","slug":"kabirdham-kabirdham-news-c-1-1-noi1482-4040157-2026-03-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"CG: कबीरधाम में पहली बार किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का लगेगा टीका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
CG: कबीरधाम में पहली बार किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का लगेगा टीका
अमर उजाला नेटवर्क, कबीरधाम
Published by: कबीरधाम ब्यूरो
Updated Thu, 12 Mar 2026 01:01 PM IST
विज्ञापन
सार
छत्तीसगढ़ में पहली बार 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन का तीन महीने का विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है, जिसमें कबीरधाम जिले में करीब 12,003 पात्र बालिकाओं को सिंगल डोज वैक्सीन लगाई जाएगी।
बैठक में अभियान की समीक्षा की गई
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
पूरे प्रदेश में पहली बार किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान जल्द शुरू किया जाएगा। कबीरधाम जिले में इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीके तुरे ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाया जाएगा। जिले के चिन्हित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में यह टीकाकरण किया जाएगा, जहां मेडिकल ऑफिसर पदस्थ हैं।
Trending Videos
तीन महीने चलेगा विशेष अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान तीन महीने तक चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र बालिकाओं को 0.5 एमएल की सिंगल डोज वैक्सीन बांयी ऊपरी बांह में दी जाएगी। टीकाकरण से पहले आधार कार्ड के आधार पर आयु का सत्यापन किया जाएगा और पालकों की सहमति भी ली जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
टीका लगने के बाद बालिकाओं को कम से कम आधा घंटा स्वास्थ्य केंद्र में रुकना होगा, इसके बाद उन्हें टीकाकरण कार्ड प्रदान किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में करीब 12,003 बालिकाओं को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है, जो कुल आबादी का लगभग एक प्रतिशत है। टीकाकरण के बाद तर्जनी उंगली में मार्किंग भी की जाएगी, ताकि दोबारा टीका लगाने की स्थिति न बने।
सहमति के बाद लगेगा टीका
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि टीका खाली पेट भी नहीं लगाया जाएगा। साथ ही यह अभियान नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से अलग विशेष कार्ययोजना के तहत संचालित किया जाएगा।अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग का सहयोग लिया जाएगा। इन विभागों के माध्यम से शिक्षकों और पालकों को एचपीवी वैक्सीन के बारे में जानकारी दी जाएगी और सहमति प्राप्त की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निर्धारित तिथि पर स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति में स्कूल जाने वाली और शाला त्यागी बालिकाओं को भी टीका लगाया जाएगा, ताकि जिले की सभी पात्र बालिकाओं को इस गंभीर बीमारी से बचाव का लाभ मिल सके।