{"_id":"69c288b227905a7db70fadc6","slug":"kabirdham-kabirdham-news-c-1-1-noi1482-4085857-2026-03-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"रंगे हाथों पकड़ा ATM चोर: गैस कटर-सिलिंडर समेत सामान बरामद, यूट्यूब वीडियो से सीखी एटीएम लूटने की तकनीक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रंगे हाथों पकड़ा ATM चोर: गैस कटर-सिलिंडर समेत सामान बरामद, यूट्यूब वीडियो से सीखी एटीएम लूटने की तकनीक
अमर उजाला नेटवर्क, कबीरधाम
Published by: कबीरधाम ब्यूरो
Updated Tue, 24 Mar 2026 07:26 PM IST
विज्ञापन
सार
कबीरधाम जिले में एक युवक को पुलिस ने रात के गश्त के दौरान एटीएम के पास संदिग्ध हालत में पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह भारी कर्ज से मुक्ति के लिए यूट्यूब वीडियो देखकर एटीएम गैस कटर से काटने की योजना बना रहा था।
सामान के साथ पकड़ा गया एटीएम चोर
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जिले में एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटकर लाखों की चोरी की साजिश रचने वाले आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। आरोपी कर्ज से मुक्ति पाने के लिए बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसने यूट्यूब वीडियो देखकर एटीएम काटने की तकनीक सीखी थी।
Trending Videos
पुलिस उपाधीक्षक केके चंद्राकर ने बताया कि 24 मार्च की रात गश्त के दौरान थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को एटीएम के पास दबोचा। यह गिरफ्तारी रात्रि गश्त के कारण संभव हुई। पूछताछ में उसकी पहचान छोटूपारा निवासी नंदलाल साहू (30) के रूप में हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसे एक ही बार में बड़ी रकम चाहिए थी। इसके लिए उसने यूट्यूब चैनलों पर एटीएम काटने के वीडियो देखे। इन वीडियो से उसने चोरी की तकनीक सीखी। इन्हीं वीडियो के आधार पर उसने पूरी योजना बनाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले भी कई असफल प्रयास किए थे। उसने सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान क्षेत्र के एटीएम में गैस कटर से चोरी का प्रयास किया था। हर बार वह अपने मंसूबों में नाकाम रहा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, गैस व ऑक्सीजन सिलिंडर जब्त किए हैं। लोहे का सब्बल, रेनकोट, गमछा और कंबल जैसे उपकरण भी बरामद हुए हैं।
गौरतलब है कि 4 फरवरी 2026 को पंजाब नेशनल बैंक, लोहारा शाखा के एटीएम को काटने का प्रयास किया गया था। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी एटीएम की कड़ी निगरानी और हर घंटे निरीक्षण के निर्देश दिए थे। इसी सख्त निगरानी के कारण आरोपी को वारदात से पहले ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने घटना का नाट्य रूपांतरण कराकर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे 24 मार्च 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।