कबीरधाम: आकांक्षा हाट मेले में अव्यवस्था पर भड़की विधायक बोहरा, कार्यक्रम में लगाई फटकार, आज से हुआ शुभारंभ
कबीरधाम जिले में संपूर्णता अभियान के तहत आकांक्षा हाट मेले का आयोजन आज रविवार से किया जा रहा है। यह मेला कवर्धा के पीजी कॉलेज इंडोर स्टेडियम में हो रहा।
विस्तार
कबीरधाम जिले में संपूर्णता अभियान के तहत आकांक्षा हाट मेले का आयोजन आज रविवार से किया जा रहा है। यह मेला कवर्धा के पीजी कॉलेज इंडोर स्टेडियम में हो रहा। जिला प्रशासन ने यहां शुभारंभ के मौके पर स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा व पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की भाजपा महिला विधायक भावना बोहरा को बुलाया था। लेकिन, आयोजन के दौरान विधायक भावना बोहरा ने अधिकारियों को फटकार लगाई है। दरअसल, उन्होंने मेले में अव्यवस्था को लेकर नाराज हुई है। उन्होंने अधिकारियों को आकर मिलने को कहा। कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने सबके सामने माइक पर उन्होंने अव्यवस्था को लेकर कहा। उनका वीडियों जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि,उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि कार्यक्रम में अव्यवस्था थी, मैं भड़की नहीं थी। इस पर मैने अधिकारियों को सुधार के लिए सुझाव दिया है। इस अवसर पर संपूर्णता अभियान के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व फ्रंटलाइन वर्करों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। स्व सहायता समूह और विभागों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया और स्व सहायता समूह के स्टॉल से सामग्री भी खरीदी।
आकांक्षी ब्लॉक में सुधार लाने ठोस प्रयास किए जा रहे - विजय शर्मा
इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि आकांक्षी जिलों व ब्लॉक में सिर्फ बुनियादी ढांचे का विकास नहीं, बल्कि मानव विकास सूचकां जैसे पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता आदि क्षेत्रों में समग्र सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन में हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर समुदाय की भागीदारी अनिवार्य है। इसी सोच के तहत केंद्र सरकार ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना शुरू की है, जिसके माध्यम से वनवासी क्षेत्रों में आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्व सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुएं गुणवत्ता में उत्कृष्ट हैं। इन उत्पादों के लिए व्यापक विपणन व्यवस्था की जा रही है। ऑनलाइन कंपनियों से समन्वय स्थापित कर स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री सुनिश्चित की जा रही है। एनआरएलएम अधिकारियों को निर्देशित किया कि कवर्धा समेत अन्य जिलों तथा रायपुर के प्रमुख विक्रय केन्द्रों में भी इन समूहों के लिए बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करें।