कोरबा में कार के उड़े परखच्चे: तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे पलटा...बारात जा रहे दो की थमी सांसें; दो लोग गंभीर
कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में चांपा भारतमाला मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार राहुल राय और विराट अग्रवाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए।
विस्तार
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांपा भारतमाला मुख्य मार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में कुल चार लोग सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वाहन में फंसे घायलों को लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी 10 पीएफ 9922 में सवार सभी लोग बिलासपुर जिले के मस्तूरी निवासी थे और कोरबा बारात में शामिल होने आ रहे थे। हादसे में राहुल राय और विराट अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है, जिसके बाद परिजन कोरबा पहुंच गए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।