Korba News: 48 घंटे में खुली मोबाइल शॉप चोरी की गुत्थी, मुख्य आरोपी समेत 2 नाबालिग पकड़े गए
कोरबा के बरपाली स्थित प्रमोद कंप्यूटर एंड मोबाइल शॉप में हुई चोरी का उरगा पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सहित दो नाबालिग पकड़े गए। नकदी, सरिया और स्कूटी बरामद हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पास स्थित प्रमोद कंप्यूटर एंड मोबाइल शॉप में हुई चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। CCTV फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त लोहे की सरिया, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और 9 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात की है। शनिवार सुबह दुकान खोलने पर शटर का ताला टूटा मिला और गल्ले में रखे 10 हजार रुपये गायब थे। प्रार्थी की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बरपाली क्षेत्र में पिछले कई महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसे देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों पर विशेष फोकस किया। दुकान के पास स्थित बैंक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तीन युवक एक दोपहिया वाहन से आते दिखाई दिए। एक युवक वाहन लेकर सड़क पर खड़ा रहा, जबकि दो अन्य ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। फुटेज में आरोपियों के चेहरे और वाहन का नंबर भी स्पष्ट दिखाई दिया।
पढ़ें: अति प्राचीन है रायपुर का ये शिव मंदिर, शिवलिंग से लिपटे रहते थे सांप, दिलचस्प है इतिहास
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिलासपुर से लौट रहे थे। रास्ते में बंद दुकान देखकर उन्होंने चोरी की योजना बनाई। शटर और जमीन के बीच बने गैप का फायदा उठाने के लिए वे मड़वारानी से लोहे की सरिया लाए और उसकी मदद से शटर उठाकर दुकान के अंदर घुस गए। चोरी करने के बाद वे स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस ने दबिश देकर युवराज सिंह राजपूत (19), पिता दीनदयाल सिंह राजपूत, निवासी 15 ब्लॉक, पंप हाउस, कोरबा को गिरफ्तार किया। उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों से 9 हजार रुपये नकद, लोहे की सरिया और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई है।
मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जब्त दोपहिया वाहन के संबंध में भी जांच जारी है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त और CCTV निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने व्यापारियों से दुकानों में CCTV कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाने की अपील की। पुलिस की इस कार्रवाई से बरपाली के व्यापारियों ने राहत जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।