{"_id":"6a3a0195794e70030607f890","slug":"katghora-tehsil-office-assistant-grade-02-suspended-after-bribery-complaint-video-surfaced-korba-collector-took-strict-action-against-corrupt-official-for-demanding-bribe-korba-news-c-1-1-noi1487-4425846-2026-06-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोरबा: भ्रष्टाचार के आरोप में कोरबा की महिला कर्मचारी पर गिरी गाज, हुई निलंबित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोरबा: भ्रष्टाचार के आरोप में कोरबा की महिला कर्मचारी पर गिरी गाज, हुई निलंबित
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Tue, 23 Jun 2026 09:34 AM IST
विज्ञापन
korba
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
कोरबा जिले में शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने तहसील कार्यालय कटघोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कटघोरा के समक्ष एक शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसमें तहसील कार्यालय कटघोरा में नकल जारी करने के एवज में आवेदक किशन कुमार से अवैध राशि की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई थी। मामले की जांच एवं परीक्षण के उपरांत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा द्वारा मंजू कृष्णा धिरही के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की अनुशंसा करते हुए प्रतिवेदन जिला प्रशासन को भेजा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद कलेक्टर कोरबा ने पाया कि संबंधित कर्मचारी का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत है। इस आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत कार्रवाई करते हुए मंजू कृष्णा धिरही, सहायक ग्रेड-02, तहसील कार्यालय कटघोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पोंड़ीउपरोड़ा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें इस अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्ट आचरण अथवा आम नागरिकों से अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहितैषी कार्यप्रणाली के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।